होशियारपुर में दल खालसा ने भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री तीक्षण सूद के घर गोबर फेंका, पुलिस मौके पर पहुंची
पंजाब के होशियारपुर में दल खालसा से जुड़े लोगों ने भाजपा नेता व पूर्व मंत्री तीक्षण सूद के घर के बाहर गोबर फेंक दिया। मंत्री ने कहा कि वह ऐसी आशंका पहले जता चुके थे लेकिन पुलिस ने सुरक्षा के लिए गंभीरता नहीं दिखाई।
जेएनएन, होशियारपुर। कृषि सुधार कानूनों के विरोध में दल खालसा से जुड़े लोगों ने वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री तीक्षण सूद के घर के बाहर गोबर फेंक दिया। पुलिस मौकेे पर पहुंच गई है। गोबर फेंकने की घटना पर तीक्ष्ण सूद ने नाराजगी जताई। कहा कि उन्होंने पहले ही आशंका जताई थी कि उनके घर के बाहर कुछ लोग ऐसा कृत्य कर सकते हैं, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने मामले में दोषी लोगों को कार्रवाई करने की मांग की है।
तीक्षण सूद ने कहा कि उन्होंने पहले ही ऐसी आशंका जाहिर करते हुए एसएसपी को संदेश भेजा था, लेकिन इसके बावजूद उनके घर के बाहर पुलिस तैनात नहीं की गई। पुलिस तब पहुंची जब उन्होंने फोन किया। पूर्व मंत्री ने कहा कि ऐसे लोग गुंडागर्दी कर किसान आंदोलन को बदनाम कर रहे हैं। इन लोगों पर पर्चा दर्ज होना चाहिए। उन्होंने कहा कि गोबर फेंकने आए लोगों ने धमकियां और मारपीट का भी प्रयास किया।
बता दें कृषि सुधार कानूनों को लेकर पंजाब में भाजपा नेताओं को विरोध का सामना करना पड़ा है। इससे पहले भी भाजपा नेताओं पर हमले हो चुके हैं। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों में भी कुछ लोगों ने विरोध किया था, लेकिन पूर्व मंत्री के घर पर गोबर फेंकने की यह पहली घटना है। हालांकि कृषि सुधार कानून विरोधी अभी तक भाजपा नेताओं के घरों के बाहर धरना ही दे रहे थे।
वहीं, भाजपा नेताओं का आरोप है कि ऐसी घटनाएं कांग्रेस की शह पर हो रही हैं। भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य दुष्यंत गौतम का कहना है कि कांग्रेस किसानों के कंधे पर बंदूक रखकर भाजपा पर निशाना साध रही है, लेकिन किसानों को अब समझ आने लगा है। भाजपा नेता पार्टी के कार्यक्रमों पर हमला करने वालों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बठिंडा में तो पुलिस ने मामला भी दर्ज किया है।