ठीकरी पहरा दे रहे पंच व युवक पर चलाई गोली, जख्मी
टांडा के गांव कंधाला जट्टां में उस दशहत का माहौल बन गया जब ठीकरी पहरा दे रहे नौजवानों पर गांव के एक व्यक्ति ने गोली चला दी।
संवाद सहयोगी, टांडा : टांडा के गांव कंधाला जट्टां में उस दशहत का माहौल बन गया जब ठीकरी पहरा दे रहे नौजवानों पर गांव के एक व्यक्ति ने गोली चला दी। गोली लगने से घायल हुए युवक को तुरंत गांव के लोगों ने सिविल अस्पताल दाखिल कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायलों की पहचान चंदनदीप सिंह व पंच मनदीप सिंह के रूप में हुई है। इस घटना में चंदनदीप सिंह के कंधे में गोली लगी है जबकि पंच मनदीप सिंह के छर्रे लगे हैं। घटना की सूचना मिलते ही टांडा पुलिस मौके पर पहुंच गई। आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपित की पहचान दिलदार सिंह के रूप में हुई है। घर से निकलने से रोका तो चला दी ठीकरी पहरा देने वालों पर गोली
कोरोना वायरस को लेकर पूरे देश में कर्फ्यू लगा है और अब गांवों को भी लोगों ने अपने स्तर पर सील कर ठीकरी पहरा लगा दिया है। इसी के चलते टांडा के गांव कंधाला जट्टां की पंचायत ने भी गांव को सील कर दिया है और कोई इसका उल्लंघन न करे इसके लिए ठीकरी पहरा लगाया है। सोमवार को देर रात करीब अढ़ाई बजे चंदनदीप सिंह व पंच मनदीप सिंह ठीकरी पहरा दे रहे थे। इस दौरान गांव की एक महिला प्रदीप कौर के घर से दिलदार सिंह उर्फ दारा निकला। उन्होंने शक के आधार पर दिलदार सिंह को रोक लिया और जब पूछताछ की तो दिलदार सिंह ने गोली चला दी जो चंदन के कंधे पर लगी। घर भाग गया। जब पंच मनदीप सिंह गांव के गणमान्य लोगों के साथ दिलदार सिंह के घर पहुंचे, तो दिलदार सिंह ने बिना उनकी बात सुने राइफल से गोलियां चला दीं। परंतु इस दौरान पंच मनदीप सिंह को छर्रे लगे। इस दौरान लोगों ने चंदनदीप सिंह व मनदीप सिंह को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां उनका उपचार चल रहा है। टांडा पुलिस ने गोली चलाने वाले दिलदार सिंह तथा उसके साथ साजिश रचने के आरोप में महिला प्रदीप कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।