किसानों को बर्बाद करने पर तुली केंद्र सरकार : सिगड़ीवाला
संवाद सहयोगी होशियारपुर केंद्र सरकार ने खेती सुधार कानूनों के बाद अब एक और किसान विरोधी नया कानून जारी कर दिया है कि जो भी किसान अपने खेत में धान की पराली जलाएगा उसे एक करोड़ का जुर्माना या फिर पांच वर्ष की कैद की सजा सुनाई जाएगी।
संवाद सहयोगी, होशियारपुर
केंद्र सरकार ने खेती सुधार कानूनों के बाद अब एक और किसान विरोधी नया कानून जारी कर दिया है कि जो भी किसान अपने खेत में धान की पराली जलाएगा उसे एक करोड़ का जुर्माना या फिर पांच वर्ष की कैद की सजा सुनाई जाएगी। केंद्र सरकार के इन कानूनों का विरोध करते हुए अकाली दल (अमृतसर) किसान विग के नेता गुरनाम सिंह सिगड़ीवाला ने कहा कि किसान के लिए यहां धान की पराली जलाना बहुत ही घातक है वहीं धान की पराली को संभालना उससे भी ज्यादा मुश्किल है क्योंकि धान की पराली की संभाल के लिए किसान को बहुत ही आर्थिक खर्च करना पड़ता है। पंजाब के किसान की हालत पहले ही बेहद दयनीय है। किसान पहले ही मंडी में आढ़ती और बैंकों के कर्ज की मार के नीचे दबकर रह गया है, जिसके कारण किसान को आत्महत्या करने को मजबूर होना पड़ रहा है। किसानों पर नए-नए कानून लागू करके केंद्र सरकार देश के किसान को कमजोर कर रही है।