दीवाली के दिन चार कन्याओं ने लिया जन्म
दीवाली के दिन जिले के चार परिवारों को मां लक्ष्मी ने बेटियों का तोहफा दिया है।
जागरण संवाददाता, होशियारपुर : दीवाली के दिन जिले के चार परिवारों को मां लक्ष्मी ने बेटियों का तोहफा दिया है। चार परिवारों के घर कन्याओं ने जन्म लिया है। परिवार वालों का कहना है कि यह बच्चियां उनके लिए माता महालक्ष्मी का दिया गया आशीर्वाद है। परिवार वालों का कहना है कि इस दीवाली में उनके घर साक्षात माता लक्ष्मी प्रकट हुई हैं। परिवार वालों में खुशी का माहौल है। परिजनों का कहना है उनकी बेटियां-बेटों के कम नहीं हैं। मेरी मनोकामना मां ने की पूरी : पूजा
सरकारी अस्पताल में अपनी बच्ची के साथ खुश पूजा रानी ने बताया कि वह व उसका सारा परिवार बच्ची के जन्म से खुश है। लोग लक्ष्मी के आगमन के लिए पूजा अर्चना करते हैं। मेरे लिए बड़े सौभाग्य की बात है कि मैंने बेटी को जन्म दिया है। मेरी मनोकामना मां लक्ष्मी ने पूरी कर दी है। यह परमात्मा का दिया हुआ तोहफा है। घर की कमी हुई पूरी : गुड्डो
अस्पताल के जच्चा बच्चा वार्ड में अपनी बच्ची के साथ गुड्डो ने बताया कि वह खुश है उसने एक बेटी को जन्म दिया है। सबसे खास बात तो यह है कि दीपावली के दिन उसने बेटी को जन्म दिया है, मानो हमारे घर में मां खुद चलकर आई हैं। इस दीपावली ने हमारी सारी कमियां पूरी कर दी। लोग बेटों की बात करते हैं यह मेरी यह बेटी बेटों से भी बढ़कर है। बेटी के जन्म पर खुश हूं : राधा
कीर्ति नगर की रहने वाली राधा ने बताया कि दीपावली की सुबह 8.24 मिनट को उसने बच्ची को जन्म दिया। राधा व उसका परिवार खुश है। राधा ने कहा कि वह अपनी बेटी को खूब पढ़ाएगी और कामयाब बनाएगी। यह बढ़ी बात है कि उसने दीपावली के दिन एक कन्या का जन्म दिया है। किसी तोहफे से कम नहीं है मेरी बेटी : पूनम
अस्पताल में बेटी को जन्म देने वाली पूनम को अपनी नन्ही कली पर गर्व है, उसने बताया कि जब उसके परिवार वालों को पता चला कि उसने बेटी को जन्म दिया है तो सब खुश थे। मानो जैसे उन्हें बच्ची का इंतजार था। उनके लिए यह दीपावली एक यादगार दीपावली है। मेरे नौ महीने की तपस्या का फल मां ने मुझे बहुत ही अच्छा दिया है। यह मेरी बेटी नहीं बल्कि मां लक्ष्मी नन्हें रुप में मेरे घर आई है।