रामगढि़या चौक से लाजवंती पुल तक लगाए जाएंगे 300 पौधे
समाज सेवक दंपती डॉक्टर कुलदीप सिंह और कुलदीप कौर ने पौधे लगाओ-वातावरण बचाओ मुहिम का आगाज जस्सा सिंह रामगढि़या चौंक होशियारपुर से किया।
जेएनएन, होशियारपुर : समाज सेवक दंपती डॉक्टर कुलदीप सिंह और कुलदीप कौर ने पौधे लगाओ-वातावरण बचाओ मुहिम का आगाज जस्सा सिंह रामगढि़या चौंक होशियारपुर से किया। इस दौरान शहर के गणमान्य नागरिकों ने वातावरण को साफ रखने के लिए पौधे लगाए गए। उन्होंने कहा कि हर मनुष्य को अपने जीवन काल में कम से कम एक वृक्ष जरूर लगाना चाहिए। समाजसेवी डॉ. कुलदीप ने बताया कि इस मुहिम तहत जस्सा सिंह रामगढि़या चौक से लेकर लाजवंती पुल सड़क के किनारे के करीब 300 पौधे लगाए जाएंगे और इन पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड भी लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरी प्लानिग के साथ पौधारोपण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि होशियारपुर जिले को यहां की हरियाली के कारण जाना जाता है। इस सड़क पर पहले बहुत ही वृक्ष हुआ करते थे, लेकिन अब सड़क की चौड़ाई बढ़ने के कारण उनको काटना पड़ा था। उसी की भरपाई के लिए यह मुहिम छेड़ी गई है इस सड़क के किनारों को पहले की भांति हराभरा किया जाएगा। डॉक्टर कुलदीप ने बताया कि समाज के उत्कृष्ट व्यक्तियों को साथ लेकर यह मुहिम चलाई गई है, सभी ने स्वयं इच्छा से पांच पौधों को अडॉप्ट किया है, जिसका वह बड़े हो जाने तक पालन पोषण करेंगे। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधों को लगाने के लिए सभी को आगे आना चाहिए। सभी को अपने व बेटा-बेटी के जन्मदिवस पर हर वर्ष पौधे लगाने चाहिए। कोई भी कार्यक्रम हो उसकी शुरुआत पौधारोपण से की जानी चाहिए। ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने से ही दूषित पर्यावरण को बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जाता है। इस अवसर पर एसके पोमरा, सरूप सिंह, मनमीत सिंह, रिटायर्ड एक्सईएन बलजीत सिंह, रिटायर्ड एसडीओ जसवीर सिंह, बीआर सैनी रिटायर्ड जेल सुपरिटेंडेंट, भारत गंडोत्रा, रजनीश कुमार गुलियानी, कौंसलर कलसी, रिशु बहल, एएस तनेजा, वन रेंज अफसर संजय कुमार, सुरजीत सैनी, राम भवन आदि उपस्थित थे।