पांच सौ मीटर में 200 गड्ढे, जोखिम में जान
ट्रैफिक के लिहाज से होशियारपुर-चितपूर्णी रोड अहम मायने रखता है।
हजारी लाल, होशियारपुर
ट्रैफिक के लिहाज से होशियारपुर-चितपूर्णी रोड अहम मायने रखता है। इसी रोड से पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर को जाने वाले वाहन गुजरते हैं। इस रोड पर पांच सौ मीटर दूरी का सफर तय करने में दो सौ गड्ढों के झटके खाने पड़ते हैं। आलम यह है कि खतरों से खेलकर वाहन चालक दौड़ रहे हैं और प्रशासन अंजान बना बैठा है। शायद प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार है। इसके बाद वह सड़कों में जगह-जगह पड़े गड्ढों पर मरहम पट्टी करेगा।
इस रोड पर लाजवंती पुल पड़ता है। यह पुल कोहनी मोड़ पर है। जस्सा सिंह चौक की तरफ से जाते हुए पुल चढ़ते ही कोहनी मोड़ शुरू हो जाता है। ऊपर से पुल से ही सड़क टूटी हुई है। कदम-दर-कदम गड्ढे पड़े हैं। वाहन चलाते समय हर वक्त ब्रेक का सहारा लेना पड़ता है। अगर वाहन चालक सावधानी से काम न ले तो पलक झपकते ही बड़ा हादसा हो सकता है। पुल से लेकर नलोइयां चौक की दूरी महज पांच सौ मीटर है, मगर विडंबना है कि इतनी दूरी में दो सौ गड्ढे हैं। दिन में तो गड्ढे दिखाई देते हैं, लेकिन रात के समय में गड्ढे नजर नहीं आते, क्योंकि इस रोड पर लाइटों का भी प्रबंध नहीं है। कदम दर कदम खतरा मंडराता रहता है। हिमाचल और जम्मू को इसी रास्ते से गुजरते हैं वाहन
हिमाचल-प्रदेश व जम्मू-कश्मीर को जाने वाले वाहन चालक इसी रास्ते का प्रयोग करते हैं। वह लाजंवती पुल, टांडा चौक और नलोइयां चौक होते हुए अपने गंतव्य पर जाने के लिए इसी रोड से होकर जाते है। इस रोड की हालत इतनी खराब है कि पूरे रास्ते में इतने झटके नहीं होंगे, जितना कि इतनी दूरी में लग जाते हैं। फोटो 903
जल्द ठीक होगा रोड: मंत्री अरोड़ा
कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा ने कहा कि यह रोड जल्द ठीक किया जाएगा। इसे ठीक करने के लिए अधिकारियों को आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा से कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।