ससुराल वालों से तंग आकर महिला ने निगला जहर, मौत
ससुराल वालों से तंग होकर एक महिला ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
संवाद सहयोगी, दीनानगर : ससुराल वालों से तंग होकर एक महिला ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। थाना दीनानगर की पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल सभी आरोपित पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
पुलिस को दी शिकायत में लक्ष्मी देवी पत्नी सुरेश पाल निवासी साहिब चक्क (पठानकोट) ने बताया कि 22 साल पहले उनकी बहन अनीता देवी की शादी गांव जंडी निवासी हरबंस लाल के साथ हुई थी। उनकी बहन की तीन लड़कियां भी हैं। अनीता का पति कारपेंटर का काम करता है। उसने बताया कि उसका जीजा हरबंस लाल अक्सर ही उनकी बहन की मार पिटाई और गाली गलौज करता था। उनकी बहन का जेठ प्रेमलाल, जेठानी सूरज देवी, जेठ का बड़ा बेटा निशू और छोटा बेटा गौरव भी उसकी बहन के साथ गाली गलौज और तंग परेशान करते थे। कई बार पंचायत ने उसकी बहन के ससुराल परिवार को समझा-बुझाकर फैसला करवा दिया था। लेकिन इसके बावजूद भी उक्त आरोपित अपनी हरकतों से बाज नहीं आए और फिर से उनकी बहन को तंग परेशान करना शुरू कर दिया। उसने बताया कि 26 जून को उसकी भांजी का फोन आया कि अनीता देवी ने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया है। उसे पठानकोट के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। उन्होंने बताया कि जब वह अपने पति के साथ उक्त अस्पताल में गई तो देखा कि उनकी बहन ने दम तोड़ दिया था। उन्होंने कहा कि उसकी बहन ने ससुरालियों से तंग आकर कोई जहरीला पदार्थ निगला। एसआइ रजनी बाला ने बताया कि पीड़ित महिला के बयानों के आधार पर उक्त आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।