हंसली पुल आम लोगों के लिए खुला, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
एक साल बाद सिटी रोड पर स्थित नव निर्मित हंसली पुल को शुक्रवार को आम लोगों के लिए खोल दिया गया।
जागरण संवाददाता, बटाला : एक साल बाद सिटी रोड पर स्थित नव निर्मित हंसली पुल को शुक्रवार को आम लोगों के लिए खोल दिया गया। कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर बाजवा ने इसका उद्घाटन किया। पिछले साल अक्टूबर में ही इस पुल को बनाने की डेडलाइन थी। उस दौरान लोगों और दुकानदारों की शिकायत पर मंत्री बाजवा ने कंपनी के मालिक को फटकार लगाकर कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए थे।
पिछले साल पुराने पुल को तोड़कर नया पुल बनाने का काम शुरू हुआ था। इसका अनुबंध एक निजी कंपनी को दिया था। उस दौरान दुकानदारों और लोगों ने इस पुल के ढहाने पर रोष प्रदर्शन भी किया था। इस पुल के निर्माण पर राज्य सरकार ने 22.28 करोड़ रुपये खर्च किए। इसे काफी अत्याधुनिक तकनीक जरिए बनाया गया है। अब लोगों को सिटी रोड से जाने के लिए राहत मिल गई है। पहले उन्हें दो किलोमीटर घूम कर सिटी रोड के बाजार आदि जाना पड़ता था। रास्ता लंबा होने के कारण ट्रैफिक जम लग जाता था। अब इन सब चीजों से लोगों को राहत पहुंची है। इस मौके पर एसएसपी बटाला रछपाल सिंह, एसडीएम बटाला बलविदर सिंह, नगर-सुधार ट्रस्ट के चेयरमेन कस्तूरी लाल सेठ, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष स्वर्ण मुड़, सुखदीप सिंह तेजा, एसडीओ दविदरपाल सिंह के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। जालंधर रोड के पुल का निर्माण अगले माह पूरा होने की उम्मीद
मंत्री बाजवा ने बताया कि जालंधर रोड पर निर्माणधीन पुल का निर्माण भी तेज गति से किया जा रहा है। यह आशा की जा रही है कि यह पुल फरवरी के अंत तक पूरा हो जाएगा। इसी प्रकार काहनूवाल रोड पर हंसली के सड़क मार्ग, सौंदर्यीकरण का नींव पत्थर रखा।