आबूधाबी में आतंकी हमले में मारे गए युवक का शव मोगा पहुंचा
आबूधाबी में ड्रोन से हुए आतंकी हमले में मारे गए मोगा के युवक का शव गांव पहुंचा।

जागरण संवाददाता, मोगा : आबूधाबी में ड्रोन से हुए आतंकी हमले में मारे गए मोगा के युवक हरदेव सिंह का शव शुक्रवार की शाम को मोगा पहुंच गया। शव हरदेव सिंह का ही छोटा भाई आबूधाबी से लेकर यहां पहुंचा है। मृतक गांव के बेहद गरीब परिवार से संबंधित है। छह साल पहले ही उसकी शादी हुई थी, चार साल का उसका बेटा है। हालांकि आतंकी हमले में हरदेव सिंह की हत्या की खबर गांव में तीन दिन पहले ही पहुंच गई थी, लेकिन शुक्रवार को शव घर में पहुंचने पर पूरे गांव में शोक का माहौल पैदा हो गया। हरदेव सिंह बाघापुराना कस्बे के गांव नत्थोके का मूल निवासी था।
हरदेव सिंह गांव नत्थोके के खेती मजदूर दर्शन सिंह का बेटा था, परिवार की आर्थिक स्थिति काफी ज्यादा खराब है, किसी तरह हरदेव सिंह अपनी मेहनत के बल पर साल 2007 में दुबई चला गया था, उसे वहां एक तेल कंपनी में काम मिल गया था। दुबई में हरदेव सिंह तेल कंपनी का कैंटर चलाता था, परिवार की आर्थिक हालत सुधरने पर उसने अपने छोटे भाई सुखदेव सिंह को भी दुबई बुला लिया था। सुखदेव सिंह दुबई में एक निजी कंपनी में काम करता था। तीन दिन पहले ड्रोन से हुए आतंकी हमले में दो लोगों की हत्या हुई थी, जिनमें हरदेव सिंह भी शामिल था। हरदेव सिंह आखिरी बार दिसंबर 2021 को भारत आया था, तब अपनी पत्नी अमृत कौर के साथ बेटे का स्कूल में एडमीशन कराकर गया था। पिता दर्शन सिंह खेत मजदूर हैं। मां सुरजीत कौर हाउस वाइफ हैं। छोटा भाई सुखदेव सिंह अपने बड़े भाई का शव लेकर पहुंचा।
Edited By Jagran