भाजपाइयों ने एसएसपी को सौंपा मांगपत्र, बोले-भाजपा के जिलाध्यक्ष में लगाए गए आरोप झूठा
भाजपा के जिलाध्यक्ष परमिदर सिंह गिल पर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोप के खिलाफ भाजपा नेताओं का प्रतिनिधिमंडल वीरवार को एसएसपी नानक सिंह से मिला।
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर : भाजपा के जिलाध्यक्ष परमिदर सिंह गिल पर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोप के खिलाफ भाजपा नेताओं का प्रतिनिधिमंडल वीरवार को एसएसपी नानक सिंह से मिला। इस दौरान मांगपत्र देकर भाजपा जिलाध्यक्ष पर लगाए गए आरोप की निष्पक्ष जांच करने की मांग की गई।
इस मांगपत्र में भाजपा के जिला पदाधिकारियों, मण्डल अध्यक्षों, एससी मोर्चा और किसान मोर्चा के जिला प्रधानों के हस्ताक्षर थे। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला महामंत्री विजय शर्मा ने किया। विजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेता इस सारे मामले में अपनी भूमिका छुपाने और आरोपितों को बचाने, अनुसूचित जाति की एक महिला और भाजपा नेत्री गुरमीत कौर पर हुए अत्याचार पर पर्दा डालने के लिए उल्टे सीधे हत्थकंडे अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरोप की निष्पक्ष जांच होने पर सच्चाई सामने आ जाएगी परमिदर सिंह गिल पूरी तरह निर्दोष हैं, उन्होंने कोई जाति सूचक शब्द नहीं कहा। विजय शर्मा ने कहा कि यदि कांग्रेस नेताओं के दबाव में भाजपा के जिलाध्यक्ष पर झूठा पर्चा दर्ज किया गया तो पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।