सूर्यदेव के नहीं हुए दर्शन, शीतलहर ने बढ़ाई कंपकंपी
कड़ाके की ठंड से अभी जनजीवन प्रभावित है। बुधवार को लगातार आठवें दिन भी सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए।

संवाद सहयोगी, गुरदासपुर : कड़ाके की ठंड से अभी जनजीवन प्रभावित है। बुधवार को लगातार आठवें दिन भी सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। दिनभर शीतलहर ने लोगों की कंपकंपी छुड़ाए रखी और पूरे दिन ठंड बरकरार रही। शाम ढलते ही ठंड का सितम दोगुना हो गया। बुधवार को न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री रहा जबकि अधिकतम तापमान 15.1 रहा। दोपहर बाद हल्की बारिश भी हुई।
हालांकि शीतलहर और ठिठुरन के कारण लोगों को तापमान शून्य डिग्री से नीचे महसूस हो रहा था। उल्लेखनीय है कि हड्डियां जमा कर देने वाली ठंड से पिछले एक सप्ताह से जनजीवन अस्त व्यस्त है। लोग ठंड से बचने के लिए अपने-अपने घरों में दुबके हुए हैं। सर्दी से राहत पाने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। ठंड के कारण शहर के सभी पर्यटन स्थलों की चहल-पहल नाममात्र है। हालांकि गर्म कपड़ों की दुकानों पर बिक्री बढ़ गई है। लोग गर्म वस्त्रों की खरीदारी कर रहे हैं। ठंड के आलम को देखते हुए लोग सड़क पर दोपहिया वाहनों पर सफर करने वाले कम ही नजर आ रहे हैं। वहीं शाम ढलते ही ठंड का सितम दोगुना हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह के अंत में तेज बारिश होने के भी आसार हैं। बीमार हो रहे लोग
ठंड के कारण शहर में काफी संख्या में लोग बीमार हो रहे हैं। अधिकतर लोगों में सर्दी, बुखार, गला खराब आदि की शिकायतें आ रही हैं। पीड़ित लोगों में बड़े-बुजुर्गो से लेकर बच्चे भी शामिल हैं। इन मरीजों के लक्षण कोरोना से मिलते-जुलते होने के कारण लोगों में कोरोना को लेकर डर भी हो रहा है।
Edited By Jagran