पंजाब पनबस की डायरेक्टर गुरमीत कौर इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल
कांग्रेस पार्टी को उस समय बड़ा झटका लगा जब 2018 में पंजाब पनबस की डायरेक्टर चुनी गई गुरमीत कौर मोदी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और ऐतिहासिक कार्यो से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हो गईं।
संवाद सहयोगी, गुरदासपुर : कांग्रेस पार्टी को उस समय बड़ा झटका लगा, जब 2018 में पंजाब पनबस की डायरेक्टर चुनी गई गुरमीत कौर मोदी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और ऐतिहासिक कार्यो से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हो गईं। भाजपा जिला अध्यक्ष परमिदर सिंह गिल ने उन्हें राज्यसभा सदस्य श्वेत मलिक की उपस्थिति में भाजपा में शामिल किया।
गुरमीत कौर ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से कांग्रेस पार्टी में सेवा कर रहा है। लेकिन डायरेक्टर बनने के बाद उन्हें कांग्रेस पार्टी की नीतियों को करीब से जानने का मौका मिला। इस कारण उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अंग्रेजों की फूट डालो और राज करो की नीति पर चलती है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने दुनिया में भारत की एक अलग पहचान बनाई है। रक्षा के लिहाज से भी अच्छा काम हुआ है। वे पंजाब के अध्यक्ष अश्विनी शर्मा के जन समर्थक विचारों से भी प्रभावित थी। उन्होंने कहा हमें देश और देशवासियों के बेहतर भविष्य के लिए नरेन्द्र मोदी और भाजपा का साथ देना चाहिए।