बटाला में 24 करोड़ से बनेगा प्रबंधकीय कांप्लेक्स
पंजाब सरकार श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को लेकर बटाला शहर में विभिन्न विकास प्रोजेक्ट कर रही है।
संवाद सहयोगी, बटाला : पंजाब सरकार श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को लेकर बटाला शहर में विभिन्न विकास प्रोजेक्ट कर रही है। इस साल 24 अक्टूबर को बटाला में हुई कैबिनेट बैठक में विकास के लिए निर्धारित योजनाओं को पूरी तरह से लागू किया जाएगा, जिससे शहर निवासियों को अधिक सुविधाएं मिलेंगी। उच्च शिक्षा, ग्रामीण विकास और पंचायत, पशुपालन और डेयरी विकास मंत्री तृप्त राजिदर सिंह बाजवा ने ये बातें कही।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ऐतिहासिक शहर बटाला के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। बटाला का निरंतर किया किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बटाला में करीब 24 करोड़ रुपये से नया मिनी प्रबंधकीय कांप्लेक्स बनाया जाएगा। कांप्लेक्स के निर्माण के लिए कोर्ट कांप्लेक्स के साथ पंचायत समिति बटाला की छह एकड़ भूमि उपलब्ध है। प्रबंधकीय कंप्लेक्स बनने से शहर के सभी सरकारी कार्यालय एक छत के नीचे हो जाएंगे। इसका आम जनता को लाभ होगा। बाजवा ने बताया कि बटाला में एक रेस्ट हाउस बनाने का प्रस्तावित किया गया है। शहर की ट्रैफिक समस्या को हल करने के लिए शहर के बाहर पंजाब रोडवेज का एक नया डिपो और प्रशासनिक ब्लॉक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह योजना लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से पूरी होगी। बाजवा ने कहा कि वर्तमान में बस स्टैंड तीन एकड़ में है और 7.2 एकड़ में रोडवेज डिपो है, लेकिन शहर में बसों के आगमन के कारण उन्हें यातायात की समस्या हो रही है। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड और रोडवेज डिपो के लिए उपयुक्त स्थान का चयन किया जा रहा है।