डेरा बाबा नानक उत्सव मनाने के लिए की जा रही तैयारियां : रंधावा
पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव को समर्पित डेरा बाबा नानक में आठ से 11 नवंबर तक डेरा बाबा नानक उत्सव समारोह करवाया जा रहा है।
संवाद सहयोगी, डेरा बाबा नानक : पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव को समर्पित डेरा बाबा नानक में आठ से 11 नवंबर तक डेरा बाबा नानक उत्सव समारोह करवाया जा रहा है। जिसकी तैयारियों संबंधी हलका डेरा बाबा नानक के विधायक व कैबिनेट मंत्री सुखजिदर सिंह रंधावा रोजाना समीक्षा कर रहे हैं।
रंधावा ने बताया कि डेरा बाबा नानक में कालांवाली चौक के पास गांव मान में विशाल पंडाल व टेंट सिटी लगाई गई है। जिसमें हजारों की संख्या में पहुंचने वाली संगत के रहने के प्रबंध किए गए हैं। आठ से 11 नवंबर तक डेरा बाबा नानक उत्सव व नौ, दस व 11 नवंबर को डिजीटल म्यूजियम व लाइट एंड साउंड शो करवाया जा रहा है। आठ नवंबर को मेन पंडाल नंबर एक में सुबह चार बजे श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश होगा। सुबह पांच से सुबह साढ़े सात बजे तक पाठ होंगे। साढ़े सात से सवा आठ बजे तक कथा, सवा आठ से सवा नौ बजे तक अरदास होगी। सुबह नौ बजे से दस बजे तक कीर्तन दरबार होगा। सुबह 11 बजे से दोपहर साढे 12 बजे के बीच गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव से संबंधित समारोह की शुरुआत होगी। पंडाल नंबर एक में दोपहर साढे 12 बजे से एक बजे तक प्रदर्शनी का उद्घाटन होगा। जिसमें पेटिग, म्यूजिक यंत्र आदि शामिल होंगे। पंडाल नंबर तीन, पांच, छह, सात में दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक सेमिनार सेशन की शुरुआत होगी। पंडाल नंबर चार में शाम चार बजे से सात बजे तक कवि दरबार होगा। पंडाल नंबर दो में थियेटर फेस्टीवल शाम सात से रात आठ बजे तक होगा। पंडाल नंबर चार में रात साढ़े आठ से दस बजे तक फिल्म फेस्टीवल करवाया जाएगा।
रंधावा ने बताया कि नौ नवंबर को सुबह पांच से साढ़े सात बजे तक मेन पंडाल नंबर एक में पाठ होगा। मेन पंडाल नंबर एक में सुबह साढे सात बजे से सवा आठ बजे तक कथा व गुरमति विचार होगी। सुबह सवा आठ से सवा नौ बजे तक अरदास व हुक्मनामा होगा।
उन्होंने बताया कि पंडाल नंबर एक में दस नवंबर को सुबह पांच बजे से साढे सात बजे तक पाठ होगा। सुबह साढ़े सात बजे से सवा आठ कथा व गुरमति विचार, सुबह सवा आठ से सवा नौ अरदास, सुबह सवा नौ से रात आठ बजे तक कीर्तन दरबार होगा। सुबह दस बजे से दोपहर दो बजे तक पंडाल नंबर तीन, पांच, छह व सात में सेमिनार होंगे। 11 नवंबर को सुबह पांच बजे से साढ़े सात बजे तक पाठ होगा।