तीन दिन से नहीं उठाया गया कूड़ा, बदबू से लोग परेशान
तीन माह पूर्व डीसी मोहम्मद इशफाक ने शहर को साफ-सुथरा बनाने के उद्देश्य से मेरा कूड़ा मेरी जिम्मेदारी मुहिम चलाई थी।
संजय तिवारी, अभिषेक गुप्ता, बटाला
तीन माह पूर्व डीसी मोहम्मद इशफाक ने शहर को साफ-सुथरा बनाने के उद्देश्य से मेरा कूड़ा मेरी जिम्मेदारी मुहिम चलाई थी। उस दौरान हर कालोनी व गली-मोहल्ले में सफाई कर्मचारी तैनात कर घरों से गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग एकत्रित करने की बात कही गई थी। दावा किया गया था कि शहर से डंप खत्म कर दिया जाएगा। उस समय शहरवासियों ने इस मुहिम की काफी प्रशंसा की थी, लेकिन हकीकत में शहर का लगभग 80 फीसद से ज्यादा हिस्सा इस मुहिम की पहुंच से बाहर है। गांधी कैंप के नजदीक गुरदासपुर रोड पर बने डंप से पिछले तीन दिनों से सफाई कर्मचारियों ने कूड़ा नहीं उठाया है, जिससे इलाके के लोग बदबू से काफी परेशान हैं।
शहर में मुख्य डंपों के अलावा कूड़े के लगभग 50 ऐसे छोटे डंप हैं, यहां कई-कई दिन तक कूड़ा पड़ा रहता है। आस पड़ोस के लोग कूड़ा ज्यादा एकत्रित होने पर उसमें आग लगा देते हैं, जो वातावरण को और दूषित करने में अहम भूमिका निभाता है। गांधी कैंप के नजदीक गुरदासपुर रोड पर बने डंप में सफाई सेवक कूड़ा एकत्रित कर खुले में फेंक देते हैं। तीन दिन से कूड़े को नहीं उठवा गया है। इससे कूड़ा इतना फैल गया कि वह रोड पर आ गया है, जिसमें आवारा कुत्ते दिन भर भोजन की तलाश में मंडराते रहते हैं। 23
कई दिनों तक पड़ा रहता है कूड़ा : नितिश महाजन
दुकानदार नितिश महाजन ने बताया कि उनकी दुकान गुरदासपुर रोड के किनारे डंप के पास है। इस डंप के पास गांधी कैंप कालोनी है, जिसमें हजारों लोग रहते हैं। दर्जनों गांवों को शहर से जोड़ने वाली इस सड़क की हालत पहले से ही बदतर है और रही सही कसर इस सड़क किनारे लगे कूड़े के ढेर निकाल रहे हैं। नगर निगम को इस ओर तुरंत ध्यान देना चाहिए। यहां कई दिनों तक कूड़ा पड़ा रहता है। 24
प्रशासन कहीं और डंप बनाएं : रमेश कुमार
गांधी कैंप के रमेश कुमार ने कहा कि नगर निगम बनने के बाद गुरदासपुर रोड के किनारे बने डंप की ओर प्रशासन ने बिल्कुल ध्यान नहीं दिया है। यहां कूड़े के ढेर रोजाना लगे रहते हैं। वहीं इस कूड़े से कई बीमारियां पैदा हो रही हैं। ज्यादा कूड़ा होने से यहां काफी संख्या में आवारा कुत्ते भी एकत्रित होते हैं। प्रशासन को इस डंप को यहां से हटाकर कहीं और शिफ्ट करना चाहिए।
--कोट्स
इलाके के लोग ही वहां कूड़ा फेंकते हैं। रविवार के होने के कारण शायद सफाई कर्मचारियों ने कूड़ा नहीं उठाया होगा। जल्द ही कूड़ा उठवा देंगे।
-सुखदीप सिंह तेजा, मेयर।