मलेशिया का फर्जी वीजा थमाकर 1.20 लाख रुपये ठगे, चाचा-भतीजे को लगाई चपत
मलेशिया का फर्जी वीजा थमाकर 1.20 लाख की ठगी का मामला सामने आया है।
जागरण संवाददाता, बटाला : मलेशिया का फर्जी वीजा थमाकर 1.20 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। ठगी का शिकार रिश्ते में चाचा-भतीजा हैं। ट्रक चालक गुरदीप सिह व उसके भतीजे जतिंदर सिंह के बयान पर एजेंट महिला अमनदीप कौर व उसका साथ देने माता अमरीक कौर व पिता अवतार सिंह के खिलाफ थाना सेखवां में मामला दर्ज किया है। मुख्य आरोपित महिला एजेंट मलेशिया से नेटवर्क चलाती है। लोगों को मलेशिया की पीआर का झांसा देकर पैसे ठगते हैं। मामले की पुष्टि थाना रंगड़नंगल के एसआइ दलबीर सिंह ने की है।
पुलिस महिला की गिरफ्तारी के लिए इंटरपोल की मदद भी ले सकती है। पुलिस ने इस बारे में कोी अधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस की पहली प्राथमिकता आरोपित महिला को गिरफ्तार करने की होंगी। चाहे इसके लिए उन्हें आरोपित महिला तक पहुंचने के लिए बाहरी एजेंसी की मदद क्यों न लेनी पड़ी। फिलहाल आरोपित महिला का साथ देने वाले उसके माता-पिता भी घर पर ताला जड़कर फरार हो गए हैं।
गुरदीप सिंह व उसके भतीजा जतिंदर सिंह ने मलेशिया जाने के लिए आरोपित महिला के माता-पिता से मई 2019 को संपर्क किया। आगे उन्होंने मलेशिया में रहने वाली अपनी बेटी से फोन पर बातचीत करवाई। मलेशिया में पीआर पाने के लिए दोनों से 1.20 हजार रुपये की मांग की। यह पैसे उन्हें (अस्सी हजार दो बार 40-40 हजार रुपये ट्रांसजेक्शन, दो बार नकद 20-20 हजार रुपये) दे दिए। बाद में आरोपित महिला ने वीजा दोनों के हाथ थमा दिया। चेक करवाया तो उन्हें फर्जी वीजा के बारे पता चला। उसके बाद आरोपितों से वापस मांगने के लिए एक साल तक उनके पास चक्कर लगाए। आखिरकार पीड़ित एसएसपी बटाला रछपाल सिंह के समक्ष लिखित शिकायत लेकर पहुंचे। एसएसपी ने जांच डीएसपी को सौंपी। जांच के दौरान आरोपित के खिलाफ सही आरोप साबित हुए। जांच रिपोर्ट एसएसपी को सौंप दी गई। एसएसपी के निर्देश पर थाना सेखवां पुलिस ने कथित आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।