80 की स्पीड से रेस्तरां में घुसाई कार, शीशे टूटे
दोपहर दो बजे के करीब 80 की स्पीड से एक कार को चालक ने रेस्तरां में जा घुसाया।
जागरण संवाददाता, बटाला : दोपहर दो बजे के करीब 80 की स्पीड से एक कार को चालक ने रेस्तरां में जा घुसाया। इससे दरवाजे पर लगे शीशे टूट गए। घटना के बाद कार छोड़कर लड़का अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मौके से भाग गया। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
सिबल चौक में स्थित रेस्तरां के मालिक प्रदीप सिंह ने बताया कि वे दोपहर को होटल में उपस्थित नहीं थे। किसी जानकार के यहां भोग पर गए थे। उनके रेस्तरां में लड़का-लड़की खाना खाने के लिए आए। खाना खाने के बाद उन्होंने कार को मोड़ काटने के बाद 80 की स्पीड से रेस्तरां में घुसा दिया। इससे उनके रेस्तरां के शीशे टूट गए। कार छोड़कर दोनों वहां से फरार हो गए। इसके बाद उनके कर्मियों ने कार को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उक्त युवक के परिजन मालिक के पास पहुंचे। उन्होंने कहा कि वे नुकसान की भरपाई कर देंगे। पुलिस में शिकायत मत करें। उधर, रेस्तरां मालिक से लड़के की पहचान बारे पूछा तो बताने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उनका नुकसान भर दिया गया है, इसलिए मामले को छोड़ दिया जाए। पता चला है कि नुकसान करने वाले कादियां रोड का निवासी है।