चुनावों के मद्देनजर पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
करीब एक महीने बाद पंजाब में होने जा रहे विधानसभा चुनावों के मद्देनजर वीरवार को अड्डा किला लाल सिंह और इसके और भी नजदीकी इलाकों में थाना किला लाल सिंह के प्रभारी सुखइंदर सिंह की अध्यक्षता में पंजाब पुलिस और बड़ी संख्या में बीएसएफ के जवानों ने फ्लैग मार्च निकाला।
संवाद सहयोगी, किला लाल सिंह : करीब एक महीने बाद पंजाब में होने जा रहे विधानसभा चुनावों के मद्देनजर वीरवार को अड्डा किला लाल सिंह और इसके और भी नजदीकी इलाकों में थाना किला लाल सिंह के प्रभारी सुखइंदर सिंह की अध्यक्षता में पंजाब पुलिस और बड़ी संख्या में बीएसएफ के जवानों ने फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान लोगों को किसी भी तरह से नहीं डरने की अपील की गई।
पत्रकारों से बातचीत करते थाना प्रभारी सुखइंदर सिंह ने कहा कि आम लोगों के मन से किसी भी तरह का डर आदि बाहर निकालने और असामाजिक तत्वों को चेतावनी देने के लिए यह फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है। उन्होंने आम लोगों को यह पूर्ण विश्वास दिलाया है कि वे 24 घंटे उनके जानमाल की सुरक्षा के लिए तैयार हैं। उन्होंने आम लोगों को भी अपील की है कि अगर उनको किसी भी असामाजिक तत्व के बारे कोई जानकारी मिलती है तो वह उस बारे उसी समय उनको या थाने में जानकारी जरूर दें। जानकारी देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
उन्होंने नशा तस्करों को भी सख्त चेतावनी की है कि वे अपने नशे के कारोबार बंद कर दें। उन्होंने असलहा लाइसेंस धारकों को भी अपील की है कि जिन लोगों ने अपने हथियार अभी तक जमा नहीं करवाए हैं वे जल्द से जल्द अपने हथियार थाने में जमा करवा दें। समय से हथियार जमा ना करवाने वालों के खिलाफ बनती कानूनी कारवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब में शांतिपूर्ण चुनाव करवाने के लिए पंजाब पुलिस पूरी तरह वचनबद्ध है। इसके लिए उन्होंने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है।