शहीद मनदीप सिंह के परिवार से दुख जताया
संयुक्त किसान मोर्चा के नेता एवं हरियाणा के प्रमुख किसान नेता गुरनाम सिंह चाड़ूनी गत दिवस पुंछ में शहीद हुए जवान मनदीप सिंह के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए शनिवार को देर सायं बटाला के नजदीक चट्ठा गांव पहुंचे।
संवाद सहयोगी, बटाला : संयुक्त किसान मोर्चा के नेता एवं हरियाणा के प्रमुख किसान नेता गुरनाम सिंह चाड़ूनी गत दिवस पुंछ में शहीद हुए जवान मनदीप सिंह के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए शनिवार को देर सायं बटाला के नजदीक चट्ठा गांव पहुंचे। उन्होंने शहीद की शहादत पर दुख व्यक्त किया।
किसान नेता गुरनाम सिंह ने कहा कि शहीद मनदीप सिंह की शहादत आने वाली पीढि़यों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत रहेगी। आज सरकारों ने यह स्थिति पैदा कर दी है कि एक किसान का बेटा सीमा पर शहीद हो रहा है और किसानों को मारा जा रहा है। दिल्ली की सीमा पर आंदोलन में किसान शहीद हो रहे हैं, लेकिन अभिमानी राजा को परवाह नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक पार्टी एक जैसी है और बड़े बदलाव की आज जरूरत है। उन्होंने कहा कि उनकी विशेष टीम पंजाब के हर एक हलके में काम कर रही है। पंजाब में पंजाबी और जनहित के बुद्धिजीवी और लोगों के को जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा जाएगा। इस मौके पर इंद्रपाल सिंह, सतनाम सिंह, जत्थेदार पाल सिंह, गुरमुख सिंह चट्ठा अध्यक्ष किसान मजदूर यूनियन माझा आदि मौजूद थे।