गुरदासपुर में डाक्टरों की हड़ताल खत्म, सिविल अस्पताल में 300 मरीज पहुंचे चेकअप करवाने
राज्य सरकार द्वारा कुछेक मांगें स्वीकार करने पर सरकारी डाक्टरों ने अपनी हड़ताल खत्म कर दी है।
राजिदर कुमार, गुरदासपुर : राज्य सरकार द्वारा कुछेक मांगें स्वीकार करने पर सरकारी डाक्टरों ने अपनी हड़ताल खत्म कर दी है। इस कारण वीरवार को सिविल अस्पताल गुरदासपुर सहित जिले के अन्य पीएचसी, सीएचसी व सरकारी डिस्पेंसरियों में इलाज के लिए मरीज पहुंचे। बता दें कि डाक्टरों की पिछले करीब डेढ़ माह से हड़ताल चल रही थी। हालांकि बीच-बीच में डाक्टरों ने मरीजों की सुविधा के लिए पैरलल ओपीडी शुरू की थी। इसमें डाक्टरों ने खुद की जेब से खर्च कर मरीजों को दवाई भी उपलब्ध करवाई थी। इसके बाद वित्त मंत्री के साथ हुई बैठक बेनतीजा रहने के बाद से डाक्टर सिविल सर्जन दफ्तर सहित जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में कामकाज ठप कर हड़ताल पर थे। इस दौरान मरीजों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। मगर वीरवार को हड़ताल खत्म होने से यहां मरीजों को राहत मिली, वहीं सिविल अस्पताल गुरदासपुर में विभिन्न बीमारियों के चेकअप व मेडिकल सर्टीफिकेट बनवाने आने वाले लोगों की काफी भीड़ देखने मिली।
वीरवार को सिविल अस्पताल में 300 ओपीडी रही। हालांकि अधिकतर लोगों को डाक्टरों की हड़ताल खत्म होने की जानकारी नहीं थी। इस कारण ओपीडी कम रही। पहले ओपीडी 700 के करीब रोजाना रहती थी। वहीं सरकारी ओपीडी खुलने से सरकारी खजाने का भी मुंह खुला है। डेढ़ महीने से सरकारी ओपीडी पूरी तरह से बंद करके रखी हुई थी। डोप टेस्ट करवाने वालों की लगी भीड़
डाक्टरों की हड़ताल खत्म होने की सूचना मिलते ही सिविल अस्पताल में असलहा लाइसेंस के लिए डोप टेस्ट करवाने वालों की भीड़ लग गई। सुबह 11 से लेकर करीब एक बजे तक लोगों की लंबी लाइन डोप टेस्ट के लिए लगी हुई थी। हालांकि वीरवार को पहले 60 लोगों के डोप टेस्ट किए गए। वैसे रोजाना 25 से 30 लोगों के डोप टेस्ट करने के निर्देश हैं। डोप टेस्ट करवाने आए लोगों ने शारीरिक दूरी के नियम की भी धज्जियां उड़ाई। न तो किसी ने मुंह पर मास्क पहना हुआ था और न ही शारीरिक दूरी बनाकर रखी। आज ज्यादा भीड़ होने की उम्मीद
सिविल अस्पताल गुरदासपुर में शुक्रवार को चेकअप व दवाई और अन्य सेहत सेवाओं के लिए आने वाले लोगों की ज्यादा भीड़ होने की उम्मीद है, क्योंकि खबर प्रकाशित होने के बाद सभी लोगों को सूचना मिल जाएगी कि डाक्टरों की हड़ताल खत्म हो गई है। इस कारण जो लोग पिछले डेढ़ महीने से अस्पताल आने से रुके हुए थे, वे अब अपना इलाज व अन्य सेहत सेवाओं के लिए अस्पताल का रुख करेंगे। कुछेक मांगें हुई स्वीकार
प्रधान डा. लव हंस ने बताया कि सरकार ने कुछेक मांगों को स्वीकार कर लिया है। बाकी भी मांगें जल्द स्वीकार करने का आश्वासन दिया है। अगर स्वीकार की मांगों का नोटिफिकेशन जारी न किया तो फिर से डाक्टर संघर्ष करने की रणनीति बनाएंगे।