हल्की बारिश के बाद पूरे दिन छाए रहे बादल, ठठुरन बढ़ी
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण पहले से ही काफी ठठुरन बढ़ गई है।
संवाद सहयोगी, गुरदासपुर : पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण पहले से ही काफी ठठुरन बढ़ गई है। वहीं बुधवार को सुबह हुई हल्की बारिश से तापमान काफी गिर गया। आसमान में बादल छाए रहने से सूर्य देवता के दर्शन नहीं हुए और हल्का कोहरा भी छाया रहा। ठंड से बचने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया। गर्म कपड़ों की दुकानों में भीड़ भी बढ़ गई। अधिकतम तापमान 18 डिग्री व न्यूनतम 12 डिग्री दर्ज किया गया। शाम साढ़े पांच बजे फिर से हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जोकि 10-15 मिनट तक चली।
मौसम विभाग के अनुसार ठंडी हवा चलने, बूंदाबांदी और पहाड़ों पर बर्फ गिरने से मौसम में तब्दीली आई है। दो दिन तक मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है। ठंड में अभी और इजाफा होगा। अगले एक सप्ताह में ऐसे ही बादल छाए रहेंगे। हालांकि बीच बीच में धूप खिलेगी, लेकिन ज्यादा समय बादल छाए रहने का पूरा अनुमान है। मौसम विभाग की भविष्यवानी होने लगी सच
इस वर्ष कड़ाके की ठंड पड़ने की मौसम विभाग की भविष्यवाणी के संकेत अभी से मिलने लगे हैं। नवंबर का महीना पिछले साल के मुकाबले इस साल अधिक ठंड के साथ शुरू हुआ है। सुबह धुंध की चादर में लिपटी रहती है। न्यूनतम तापमान काफी नीचे रहा तो अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। बीते साल के मुकाबले यह न्यूनतम में तीन और अधिकतम में दो डिग्री कम रहा। हालांकि फिलहाल तो मौसम में कोई बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान की यह गिरावट सर्दी बढ़ाएगी। गर्म कपड़े खरीदने वालों की भीड़
बाजारों में गर्म कपड़े खरीदने वालों की भीड़ देखने को मिल रही है। हालांकि पिछले सप्ताह इतनी ठंड नहीं थी। लोग एक शर्ट में ही देखे जा रहे थे। लेकिन अब एकदम से बढ़ी ठंड के बाद लोगों में गर्म कपड़े खरीदने की होड़ लग गई है। ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों की खरीदारी करने लगे हैं।