सफाई कर्मियों की हड़ताल से शहर में जमा हुआ कूड़ा
नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने शुक्रवार को दूसरे दिन भी हड़ताल की।
संवाद सूत्र, बटाला : नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने शुक्रवार को दूसरे दिन भी हड़ताल की। उन्होंने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से कूड़ा उठाना बंद कर दिया है। इससे शहर में जमा कूड़ा नहीं उठा।
सफाई यूनियन पंजाब के प्रधान अशोक सरवन के आह्वान पर नगर निगम बटाला में सुबह प्रधान विक्की कल्याण के नेतृत्व में सफाई कर्मियों ने मांगें पूरी नहीं करने पर रोष जताया। प्रधान विक्की कल्याण ने बताया कि जब तक पंजाब सरकार की ओर से सफाई कर्मचारियों की लंबित पड़ी मांगें नहीं मानी जाती तब तक नगर निगम पटियाला में काम छोड़ हड़ताल जारी रहेगी। इस अवसर पर सफाई यूनियन बटाला के चेयरमैन बजीरा भट्टी, गोपाल दास, दीपक, बंटी, मंगा भंडारी, पवन कुमार, प्रदीप कुमार, निशांत कुमार तथा बलजीत भट्टी उपस्थित थे। गौर हो कि सफाई कर्मियों की 17 मांगें हैं। इनमें ठेका प्रणाली समाप्त करके काम करते सफाई सेवक, सीवरमैन, माली, बेलदार, इलेक्ट्रीशन, पंप आपरेटर, कंप्यूटर आपरेटर आदि मुलाजिमों को रेगुलर करने, शहरों की बीटों के अनुसार सफाई सेवकों की भर्ती करने, निगम कर्मचारियों को वेतन पंजाब सरकार के खजाने से देने, पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने आदि मुख्य हैं। जल्द कूड़ा उठवाया जाएगा : मेयर
इस संबंध में मेयर सुखदीप सिंह तेजा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर विचार-विमर्श चल रहा है। जब उनसे पूछा गया कि सफाई कर्मचारी शहर का कूड़ा नहीं उठा रहे हैं तो उन्होंने कहा कि जल्द ही कूड़ा उठवा दिया जाएगा।