मौसी की लड़की से थे प्रेम संबंध, बीएसएफ जवान का कत्ल
मौसी की लड़की के साथ प्रेम संबंध होने पर लड़की के भाई व चाचा ने बीएसएफ जवान का तेजधार हथियारों से कत्ल कर दिया।
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर : मौसी की लड़की के साथ प्रेम संबंध होने पर लड़की के भाई व चाचा ने बीएसएफ जवान का तेजधार हथियारों से कत्ल कर दिया। घटना थाना तिब्बड़ के अंतर्गत आते गांव मान चोपड़ा की है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गए। थाना तिब्बड़ के प्रभारी कुलवंत सिंह मान ने शव को कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी।
गांव मान चोपड़ा के अर्शदीप ने बताया कि उसका भाई शरणजीत कुमार बीएसएफ का जवान है। वह इन दिनों छुट्टी पर आया हुआ था। वीरवार की रात को उसका भाई घर पर था। तभी घर पर उसकी मौसी का लड़का व उसका चाचा आएं। वे शरनजीत कुमार को पास ही में स्थित हवेली में ले गए। इसी दौरान दोनों पक्षों में लड़की को लेकर आपस में बहस छिड़ गई। मामला हाथापाई पर पहुंचा तो पहले से पूरी प्लानिग के साथ आए लड़की के भाई व उसके चाचा ने तेजधार हथियारों से शरणजीत कुमार को मौत के घाट उतार दिया है। आरोपित घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल गुरदासपुर में भेज दिया है। थाना प्रभारी कुलवंत सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी गांव मान चोपड़ा में छुटटी पर आए बीएसएफ जवान का कत्ल कर दिया गया है। पता चला है कि बीएसएफ जवान का अपनी ही मौसी की लड़की के साथ प्रेम संबंध थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। थाना प्रभारी के मुताबिक मृतक शरणजीत कुमार (25) तीन साल पहले बीएसएफ में भर्ती हुआ था। वह मणिपुर में तैनात था। थाना प्रभारी को अर्शदीप ने बताया कि रात्रि नौ बजे गांव रांझिया दा डेरा (तारागढ़) के पास शरणजीत की मौसी के बेटे कुलदीप कुमार व लड़की के चाचा प्रेम पाल शरणजीत कुमार को हवेली की तरफ लेकर गए थे। इसी दौरान प्रेम पाल ने कपड़े से शरणजीत का गला घोंट दिया और कुलदीप ने शरणजीत के पेट में चाकू से वार किए। इससे उसकी मौत हो गई।