दिल्ली में वकीलों से मारपीट पर बटाला बार एसोसिएशन का समर्थन
दिल्ली की तीस हजारी अदालत में वकीलों के साथ पुलिस द्वारा मारपीट के मामले में सोमवार को बटाला बार एसोसिएशन के वकील तीन दिन की हड़ताल पर चले गए।
जागरण संवाददाता, बटाला : दिल्ली की तीस हजारी अदालत में वकीलों के साथ पुलिस द्वारा मारपीट के मामले में सोमवार को बटाला बार एसोसिएशन के वकील तीन दिन की हड़ताल पर चले गए। उन्होंने कामकाज ठप कर हड़ताल की। ऐसे में लोग काफी परेशान रहे। बार एसोसिएशन में कुल तीन सौ वकील प्रैक्टिस करते हैं। वकीलों ने अध्यक्ष सतिद्र सिंह के नेतृत्व में हड़ताल की। उनकी मांग थी कि जब तक दिल्ली मामले में पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेंगी।
फिलहाल हड़ताल करने वाले वकीलों ने तीन दिन हड़ताल पर जाने का एलान किया। बटाला तहसील पूरे पंजाब की सबसे बड़ी तहसील है। इसके अधीन 360 गांव तथा 13 थाना शामिल हैं। वहीं अदालतें पांच है। अदालत में कामकाज ठप रहने से सरकारी तथा निजी अदालती मामलों में काफी असर देखने को मिला। आज किसी मामले की पैरवी तथा सुनवाई नहीं हुई। जजों ने सभी मामलों में अगली तारीख डाल दी। केस की सुनावाई के लिए आए राम प्रकाश तथा तलविद्र सिंह ने बताया कि जज ने उन्हें अगली तारीख दी। वे दूर के गांव से बस का किराया खर्चकर आए हैं। हड़ताल की वजह से उन्हें बैरंग लौटना पड़ा। हड़ताल के बारे सूचित नहीं किया गया। इस अवसर पर एडवोकेट सौरभ चौधरी, अमन सोहल, बानू भस्सा, रघुबीर सिंह संधू, विनोद कुमार, दीपक शर्मा, सुखमिद्र सिंह चीमा आदि उपस्थित रहे।
अगली रणनीति तैयार : सेमिनार
हाल में वकीलों ने सुबह बैठक की। उसमें सभी वकीलों ने फैसला किया कि अगर दिल्ली पुलिस ने वकीलों से मारपीट के जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो वे बटाला में रोड जामकर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने आरोप लगाए कि दिल्ली पुलिस की वकीलों के खिलाफ सरासर धक्केशाही की। उन्हें सरेआम पीटा गया। गोली चलाई गई। उनका एक वकील साथी गोली लगने से गंभीर घायल हो गया।
हड़ताल से 400 केस प्रभावित
वकील सौरभ शैली ने बताया कि हड़ताल की वजह से बटाला बार एसोसिएशन में 400 केस प्रभावित हुए। हर एक जज ने विभिन्न केसों की हफ्ते से लेकर एक माह तक अगली सुनवाई की तारीख डाल दी गई। तीन दिन तक चलने वाली हड़ताल की वजह से कई केस प्रभावित होंगे।