सेखड़ी ने दी एसएसपी को शिकायत, मंत्री बाजवा ने तोड़ी शारीरिक दूरी
पूर्व कांग्रेस विधायक अश्विनी सेखड़ी और कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिदर सिंह बाजवा में राजनीतिक कसक बढ़ती ही जा रहा है।
संवाद सूत्र, बटाला : पूर्व कांग्रेस विधायक अश्विनी सेखड़ी और कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिदर सिंह बाजवा में राजनीतिक कसक बढ़ती ही जा रहा है। शनिवार को अश्विनी सेखड़ी ने बाजवा पर शारीरिक दूरी का उल्लंघन करने व भीड़ इकट्ठी करने का आरोप लगाया। उन्होंने इस संबंध में एसएसपी को लिखित शिकायत भी दी।
शुक्रवार को बाजवा ने बटाला के खजूरी गेट से गोशाला रोड के निर्माण का उद्घाटन किया था और चक्करी बाजार व मुर्गी मुहल्ला का दौरा करके लोगों से बातचीत की थी। इस दौरान भारी संख्या में बाजवा समर्थक इक्ट्ठा हो गए थे। इस दौरान कांग्रेसी शारीरिक दूरी को दरकिनार कर एक-दूसरे से चिपके रहे। कइयों ने तो मास्क भी नहीं लगाया था। इसी बात को लेकर अश्विनी सेखड़ी ने मंत्री बाजवा को घेर लिया।
मंत्री ने किया सीएम के निर्देशों का उल्लंघन: सेखड़ी
पूर्व विधायक अश्विनी सेखड़ी ने कहा कि अगर मंत्री ही शारीरिक दूरी के नियम नहीं मानेंगे तो दूसरों से क्या उम्मीद की जा सकती है। सरकार नियमों का पालन करने पर जोर दे रही है, लेकिन शुक्रवार को मंत्री बाजवा ने इसका जमकर उल्लंघन किया। अगर आम नागरिकों पर सोशल डिस्टेंसिग का पालन नहीं करने पर केस दर्ज हो सकता है, तो मंत्री पर क्यों नहीं। कानून सब के लिए बराबर है। इसलिए मंत्री बाजवा पर भी एफआइआर होनी चाहिए। इसीलिए मैंने एसएसपी को लिखित शिकायत भेज कर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि जब मंत्री तृप्त राजिदर सिंह बाजवा से संपर्क करना चाहा, तो संपर्क नहीं हो पाया।