दो कैदी विशेष माफी पर रिहा किए, 125 को भी जल्द मिलेगी रिहाई
श्री गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व पर सेंट्रल जेल में 550 बंदियों ने नशे और अपराधिक घटनाओं से दूर रहने की कसम खाई।
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर : श्री गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व पर सेंट्रल जेल में 550 बंदियों ने नशे और अपराधिक घटनाओं से दूर रहने की कसम खाई। दो कैदियों को विशेष माफी देते हुए रिहा किया गया। इस दौरान करवाए गए धार्मिक समागम की अध्यक्षता जेल सुपरिटेंडेंट श्री करनजीत सिंह संधू ने की। पंजाब सरकार की तरफ से श्री गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व पर दो कैदियों विक्रम और निशान सिंह को विशेष माफी के तहत रिहा किया गया। जेल सुपरिटेंडेंट करनजीत सिंह संधू ने बताया कि करीब 125 और बंदियों को विशेष माफी का लाभ मिलने वाला है, वे भी तय समय से पहले रिहा हो जाएंगे। निशान सिंह हत्या की कोशिश के दोष में जेल में दस साल सजा काट रहा था। चार साल से ज्यादा समय तक जेल में सजा काटते वक्त अनुशासन में रहने और अपने स्वभाव में काफी बदलाव लाने के चलते ही उसे रिहाई दी गई। इसी तरह से बिक्रम सिंह मारपीट के केस में 3 माह की सजा के लिए जेल में आया था और 15-16 दिन तक जेल में रहते हुए उसमें बदलाव को देखते हुए उसे रिहा किया गया।
जेल सुपरिटेंडेंट ने बताया कि जेल में बाबा नानक के प्रकाश पर्व पर 34 बंदियों और दो प्यारों को अमृत छकाया गया है। यह जेल अंदर पहली बार हुआ है, जोकि एक सराहनीय कार्य है। इससे पहला डिप्टी सुपरिटेंडेंट नवइंदर सिंह ने जेल के तैनात सभी कर्मचारियों /अधिकारियों को कसम खाई की वे अपनी ड्यूटी ईमानदारी, निष्ठा और जेल नियमों के अनुसार करेंगे। इस मौके पर डिप्टी सुपरिटेंडेंट नवइंदर सिंह, डिप्टी सुपरिटेंडेंट सिक्योरिटी परमजीत सिंह गिल और डिप्टी सुपरिटेंडेंट जसपाल सिंह खहरा समेत समूह पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।
बदियों को बाबा नानक की शिक्षाओं पर चलकर अच्छा इंसान बनने की दी प्रेरणा
जेल सुपरिटेंडेंट ने समूह कैदियों को श्री गुरु नानक देव की शिक्षाओं पर चलने, नाम जपने और मिल-बांटकर खाने, जेल से बाहर निकलकर अच्छा इंसान बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने बताया कि इस पवित्र दिहाड़े पर केंद्रीय जेल फिरोजपुर के गुरुद्वारा साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए हैं। कीर्तनी और ढाडी जत्थों ने गुरबाणी से संगत को निहाल किया। अटूट लंगर भी बांटा गया है।