रेलवे मुलाजिमों ने नौ दिन दुर्गा पूजा के बाद लगाया लंगर
मां दुर्गा पूजा समिति उत्तर रेलवे फिरोजपुर ने दुर्गा मां की मूर्ति विसर्जन के बाद ड्राइवर एवं गार्ड रनिग रूम बस्ती टैंकावाली में रविवार को विशाल भंडारा लगाया।
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर : मां दुर्गा पूजा समिति उत्तर रेलवे फिरोजपुर ने दुर्गा मां की मूर्ति विसर्जन के बाद ड्राइवर एवं गार्ड रनिग रूम, बस्ती टैंकावाली में रविवार को विशाल भंडारा लगाया। रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों के बच्चों, बड़ों और महिलाओं ने लंगर में सेवा निभाई। इस दौरान पूड़ी, चने, खीर, मिठाइयों का लंगर लगाया गया। हजारों की संख्या में लोगों ने लंगर का प्रसाद चखा और मां के दरबार में माथा ठेका।
इससे पहले लगातार नौ दिनों तक महिलाएं, बच्चों और बुजुर्गों ने महांमाई का गुणगान किया। नौ दिनों तक मां दुर्गा के नव रूपों की पूजा की गई। देवी दुर्गा के नौ रूपों में शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कुष्मांडा, स्कंधमाता, कात्यायिनी, कालरात्रि, महागौरी, व सिद्धिदात्री है। मां दुर्गा पूजा समिति, उत्तर रेलवे, फिरोजपुर में रेलवे के विभिन्न विभागों के स्टाफ के सहयोग से मां दुर्गा का भव्य पूजन किया गया। इसके बाद 13 अक्टूबर को विशाल लंगर का आयोजन होगा। इस मौके पर अध्यक्ष धर्मेद्र कुमार, सचिव ब्रजेश कुमार यादव, अजय कुमार सिंह, रमाकांत सिंह, बजरंग बली पाण्डेय, विक्रांत कुमार, एम.डी. श्रीवास्तव, राज नारायण, सतेन्द्र कुमार और अभिषेक कुमार उपस्थित रहे।