करवाचौथ पर सजे बाजार, रात एक बजे तक लगवाई मेहंदी
महिलाओं के हाथों को प्रेम के रंग में रंगने वाली मेंहदी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। करवाचौथ को लेकर करीब सात माह से भी अधिक समय के बाद बाजारों में काफी चहल-पहल देखने को मिल रही है।
जतिंद्र पिकल, फिरोजपुर : महिलाओं के हाथों को प्रेम के रंग में रंगने वाली मेंहदी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। करवाचौथ को लेकर करीब सात माह से भी अधिक समय के बाद बाजारों में काफी चहल-पहल देखने को मिल रही है। वहीं सुहागिनों के सबसे अहम माने जाने वाले करवा चौथ के व्रत में हिना (मेंहदी) की बात न हो तो , ऐसा मुमकिन ही नही है। इसी के चलते मेंहदी लगवाने के लिए महिलाएं करीब तीन-चार दिन पहले से ही बाजारों में कारीगरों से समय लेकर बुकिग करवा दी थी। मंगलवार को भी महिलाएं रात एक बजे तक बाजारों में मेहंदी लगवाती रहीं।
यूपी से आए मेहंदी लगाने वाले कारीगर शिवा ने बताया कि यूं तो पहले भी कई बार उन्होंने स्टाल लगाए हैं, लेकिन इस बार कोरोना के बावजूद मेहंदी लगाने का काम पहले से कही अधिक निकल रहा है। मात्र हाथों पर मेंहदी लगाने से लेकर पुरी बाजू तक के ग्राहक आ रहे हैं। इसके लिए 50 रुपये से एक हजार रुपये तक लिए जा रहे है। अन्य स्टालों पर बैठी रानी, संजना व शालू ने बताया कि कोरोना के बाद से लगभग सभी काम बंद होने की कगार पर है। इसी लिए उन्होंने इस बार यहां पर स्टाल लगाया है। उन्होंने बताया कि बीती रात भी वह यहां से करीब एक बजे के बाद फ्री हुई है। वहीं मेंहदी लगवाने आई एक महिला के पति ने बताया कि वह करीब आधे घंटे से यही पर है और मेंहदी लगाने वाले इन कारीगरों के रेट बढ़ती भीड़ के साथ ही बढ़ते जा रहे है।