सरहदी जिले को सरकार जारी करे 100 करोड़ का पैकेज : राणा सोढ़ी
शहीदों के शहर में हुई वर्षा के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री व भाजपा नेता राणा सोढ़ी ने शहर की कालोनियों व बस्तियों का दौरा किया।
संवाद सूत्र, फिरोजपुर : शहीदों के शहर में हुई वर्षा के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री व भाजपा नेता राणा सोढ़ी ने शहर की कालोनियों व बस्तियों का दौरा किया। उन्होंने आम आदमी पार्टी सहित मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से मांग की है कि फिरोजपुर के विकास के लिए 100 करोड़ रुपए की विशेष राशि पैकेज जारी किया जाए ताकि सीमावर्ती जिले का सर्वपक्षीय विकास हो सके।
उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ आम आदमी पार्टी पर भरोसा जताया था, पार्टी को भी चाहिए कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए विकास को बढ़ावा दे। राणा सोढ़ी ने कहा कि रिक्खी कालोनी, बस्ती निजामुद्दीन, टीबी अस्पताल रोड, दिल्ली गेट, माल रोड, सर्कुलर रोड, कसूरी गेट, मुल्तानी गेट पर जल भराव के अलावा सीवरेज जाम रहना आम बात हो गई है। उन्होंने कहा कि बिना प्लानिग करवाए गए विकास का खामियाजा शहर वासी भुगत रहे हैं। रिक्खी कालोनी की गलियों में सीवरेज जाम रहना आम बात हो चुकी है। उन्होंने कहा कि लोगों के घरों में सीवरेज का गंदा पानी वाटर सप्लाई में आ रहा है। शहर की कई सड़कें अब भी टूटी हुई है। शहर के पार्को की दशा दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है।
उन्होंने कहा कि यहां के विधायकों को चाहिए कि विशेष पैकेज लाकर रूके सीवरेज को चलवाने के अलावा टूटी सड़कों को ठीक करवाएं तथा वर्षा के दिनों में जल भराव से निपटने के लिए ड्रेनेज सिस्टम को सही करवाए ताकि शहरियों को परेशानी का सामना ना करना पड़े। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन ने मनाया तीज महोत्सव
संवाद सूत्र, फिरोजपुर : अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन फिरोजपुर छावनी की ओर से रविवार को सिद्धपीठ श्री शीतला देवी मंदिर में अग्रवाल परिवारों का तीज महोत्सव हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया।
प्रधान विनोद अग्रवाल ने बताया कि इस कार्यक्रम में मुख्य मेहमान के तौर पर सुदेश दहिया धर्मपत्नी एडवोकेट रजनीश दहिया परिवार सहित शामिल हुई। उनके साथ विशेष अतिथि के तौर पर संजना मित्तल धर्मपत्नी समीर मित्तल, नविता सिघाल पत्नी सीए गगन सिघाल एवं रागिनी गुप्ता पत्नी अनिरुद्ध गुप्ता शामिल हुई।
कार्यक्रम में अग्रवाल परिवारों के बच्चों एवं महिलाओं ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। महिलाओं के लिए मेहंदी का विशेष प्रबंध किया गया। कार्यक्रम के बाद सभी के लिए सहभोज का इंतजाम किया गया। इस कार्यक्रम में लाल चंद गोयल, अशोक गुप्ता, विशाल गुप्ता, नवीन गुप्ता, हरीश गोयल, अशोक मित्तल, गगन अग्रवाल, सुशील गुप्ता, अरविंद बांसल, बाल कृष्ण मित्तल, ललित मोहन गोयल, योगेश गुप्ता भी सम्मिलित हुए।