रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले जलाए तो करवाएंगे कानूनी कार्रवाई : रावण सेना
दशहरे पर रावण कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले जलाने वालों को चेतावनी देते हुए रावण सेना मिशन और उनके सहयोगी संगठनों ने कानूनी कार्रवाई करने को कहा है।
संवाद सूत्र, फिरोजपुर : दशहरे पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले जलाने वालों को चेतावनी देते हुए रावण सेना मिशन और उनके सहयोगी संगठनों ने कानूनी कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने कहा ये हमारे राजा थे और हर साल दशहरे पर इनके पुतले जलाने के कारण उनकी धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं।
रावण सेना मिशन, आंबेडकर भारत आदि धर्म समाज, शक्ति सेना पंजाब, सृष्टिकर्ता वाल्मीकि वेलफेयर सोसायटी, डेरा माता भिलनी, वाल्मीकि यूथ फ्रंट, वाल्मीकि धर्म समाज भावाधस के सदस्यों ने मंगलवार को डीसी विनीत कुमार को मांग पत्र देकर दशहरे पर उनके पूर्वज राजाओं के पुतले जलाने पर रोक लगाने की मांग की है। मांग पत्र में उन्होंने कहा महात्मा रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद उनके द्राविड़ राजा हुए हैं और उनके पुतले जलाए जाने से धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। उन्होंने कहा उनके सभी संगठन भारत सरकार और पंजाब सरकार से मांग करते हैं कि पुतले दहन पर प्रतिबंध लगाया जाए। भारतीय संविधान में किसी की धार्मिक भावनाओं को आहत करने का अधिकार नहीं है। यदि इस बार दशहरे पर किसी ने उनके पूर्वज राजाओं के पुतले जलाए तो वे धार्मिक भावनाएं आहत करने का मामला दर्ज करवाएंगे।