गुरुहरसहाय से भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवार घोषित
भाजपा ने गुरुहरसहाय से गुरपरवेज सिंह संधू को चुनावी मैदान में उतारा है तो कांग्रेस ने विधानसभा हलके गुरुहरसहाय और फिरोजपुर देहाती से उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर : भाजपा ने गुरुहरसहाय से गुरपरवेज सिंह संधू को चुनावी मैदान में उतारा है तो कांग्रेस ने विधानसभा हलके गुरुहरसहाय और फिरोजपुर देहाती से उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने गुरुहरसहाय से विजय कालड़ा और फिरोजपुर ग्रामीण से अमरदीप आशु बांगड़ को चुना है। फिरोजपुर की चारों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार घोषित हो चुके हैं, जबकि भाजपा ने अभी फिरोजपुर शहरी और गुरुहरसहाय से ही उम्मीदवार घोषित किए हैं। जीरा और फिरोजपुर देहात से भाजपा ने अभी किसी उम्मीदवार पर फैसला नहीं किया।
उम्मीदवारों की घोषणा के बाद अब चुनावी अखाड़ा पूरी तरह से सज चुका है। उम्मीदवार चुनावी परीक्षा के लिए हर मतदाता का दरवाजा खटखटा रहे हैं। वहीं इस बार कई पार्टियां चुनावी मैदान में होने से मतदाता भी दुविधा में है । (बॉक्स)
ये हैं उम्मीदवार
-कांग्रेस
फिरोजपुर शहरी- परमिदर सिंह पिकी
फिरोजपुर देहाती- अमरदीप सिंह आशु बांगड़
जीरा- कुलबीर सिंह जीरा
गुरुहरसहाय- विजय कालड़ा
- शिरोमणि अकाली दल
फिरोजपुर शहरी- रोहित मोंटू वोहरा
फिरोजपुर देहाती- जोगिदर सिंह जिदू
जीरा- जनमेजा सिंह सेखों
गुरुहरसहाय- वरदेव सिंह नोनी मान
- भाजपा
फिरोजपुर शहरी-राणा गुरमीत सिंह सोढी
फिरोजपुर देहाती- कोई नहीं
जीरा- कोई नहीं
गुरुहरसहाय- गुरप्रवेश सिंह संधू
- आम आदमी पार्टी
फिरोजपुर शहरी-रणबीर सिंह भुल्लर
फिरोजपुर देहाती- एडवोकेट रजनीश दहिया
जीरा- नरेश कटारिया
गुरुहरसहाय- फौजा सिंह
गुरुहरसहाय में बाहरी उम्मीदवार का विरोध संवाद सहयोगी, गुरुहरसहाय(फिरोजपुर) : विधानसभा हलका गुरुहरसहाय में कांग्रेस हाईकमान की ओर से दूसरी सूची में बाहरी उम्मीदवार को टिकट देने पर कांग्रेसियों में बगावत के सुर उठने लगे हैं। कांग्रेस की ओर से जीरा हलक के रहने वाले विजय कालड़ा को गुरुहरसहाय से उम्मीदवार घोषित किया गया है ।
गुरुहरसहाय के गुरुद्वारा प्रगट साहिब में वीरवार को कांग्रेस वर्करों सरपंचों, पंचों, ब्लाक समीति मैंबर और चेयरमैनों ने बैठक कर बाहरी उम्मीदवार को टिकट देने का विरोध किया है। इस दौरान कांग्रेस हाईकमान को उम्मीदवार बदलकर किसी भी लोकल कांग्रेस के वर्कर को टिकट देने के लिए अपील की गई।
इस मौके युवा नेता गुरभेज सिंह टिब्बी ने कहा कि बाहरी व्यक्ति को टिकट देकर हाईकमान ने हलके के कांग्रेसी वर्करों के साथ मजाक किया है। टिकट भी उस व्यक्ति को दी, जिसे हलके लोग जाते तक नही है और ऐसा उम्मीदवार जिसे राजनीति का ज्ञान तक नहीं है, वे कैसे जीत सकेगा ।उन्होंने कहा कि वह बाहरी उम्मीदवार का कभी समर्थन नहीं करेंगे। उम्मीदवार न बदला तो वह बड़ा फैसला ले सकते हैं।
चार बार कांग्रेस से विधायक रहे राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी के भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी के पास उम्मीदवार नहीं था, विजय कालड़ा पंजाब मंडी बोर्ड के वाइस चेयरमैन हैं।