अवैध संबंधों के शक में हुई थी युवक की हत्या
जिले के गांव रेते वाली भैणी की ढाणी सद्दा सिंह के रहने वाले एक युवक का शव शनिवार को कावांवाली पुल के निकट बरामद हुआ था।
संवाद सूत्र, फाजिल्का : जिले के गांव रेते वाली भैणी की ढाणी सद्दा सिंह के रहने वाले एक युवक का शव शनिवार को कावांवाली पुल के निकट बरामद हुआ था। पुलिस ने मामले में एक युवती सहित तीन लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। रविवार को सदर थाना पुलिस ने स्वजनों के बयान दर्ज करने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर स्वजनों के हवाले कर दिया है।
एसआइ जतिद्र सिंह ने बताया कि ढाणी सद्दा सिंह निवासी सुमित्रा रानी ने शिकायत दर्ज करवाई कि उसका पति खेतीबाड़ी का कार्य करता है। उसके दो लड़के और एक लड़की है। सबसे बड़ा लड़का अंग्रेज सिंह (18 वर्ष) सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 12वीं में पढ़ता था। उसी स्कूल में एक युवती 11वीं कक्षा में पढ़ती थी। 25 फरवरी की रात करीब साढ़े आठ बजे उसके बेटे को युवती का फोन आया। जिसके बाद अंग्रेज सिंह ने कहा कि उसकी दोस्त ने किसी कार्य के लिए उसे अपने घर गांव राम सिंह भैणी में बुलाया है और वह उसको मिलने के लिए उसके घर जा रहा है। लेकिन उस रात अंग्रेज सिंह घर वापस नहीं आया और उसका मोबाइल भी रात को बंद आने लगा। 27 फरवरी की सुबह उन्हें किसी ने सूचना दी कि एक युवक का शव कावां वाली पुल के नीचे पड़ा है, जब वह मौके पर पहुंचे तो शव अंग्रेज सिंह का था। उन्होंने आरोप लगाया कि उसके बेटे की हत्या की गई है और हत्या के बाद शव को खुर्दबुर्द करने के लिए दरिया में फेंक दिया गया। उन्होंने बताया कि वजह रंजिश यह है कि उसका लड़का अंग्रेज सिंह व लड़की एक ही स्कूल में पढ़ते थे जिसके चलते लड़की के परिवार को शक था कि अंग्रेज सिंह के साथ लड़की के अवैध संबंध है। जिसके चलते लड़की के परिवार वालों ने लड़की से फोन करवाकर एक साजिश के तहत अंग्रेज सिंह को घर बुलाया और उसकी हत्या कर दी। एसआई जतिद्र सिंह ने बताया कि आरोपित युवती, उसके पिता गुरमीत सिंह व ताया तेजिद्र सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।