झूठे वादे कर सत्ता में आई आप: सुखबीर
शिरोमणी अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल सोमवार को चुनाव के बाद पहली बार जलालाबाद में पहुंचे।
संवाद सूत्र, जलालाबाद : शिरोमणी अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल सोमवार को चुनाव के बाद पहली बार जलालाबाद में पहुंचे। इस दौरान जहां उन्होंने वर्करों के साथ बैठक की। वहीं बीते दिनों जलालाबाद में बस हादसे में गांव कट्टियांवाली के तीन विद्यार्थियों की मौत पर उनके घर जाकर दुख सांझा किया।
इस मौके पर सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि पंजाब सरकार को तुरंत इस हादसे में मारे गए विद्यार्थियों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता दी जानी चाहिए। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि आप पार्टी लोगों को झूठ वादे व झूठे सपने दिखाकर सत्ता में आई। पंजाब में रोजाना नशे से मौतें हो रही हैं। आप सरकार के बनने के बाद कितने किसान अब तक कर्ज से परेशान होकर खुदकुशियां कर चुके है, लेकिन पंजाब के मुख्यमंत्री इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहे। उन्होंने कहा कि रेत की पालिसी लाए बिना रेत की माइनिग बंद कर दी गई, जिस कारण जहां निर्माण कार्य रुक गए हैं, वहीं मजदूरों के चूल्हें ठंडे हो गए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर भी किसानों के साथ सौतेला व्यवहार करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गर्मी के चलते पहले ही किसानों को झाड़ कम प्राप्त हुआ है और फसल भी कम हुई है, जिससे किसानों को रेट बढ़ने की उम्मीद थी। लेकिन केंद्र सरकार ने गेहूं का निर्यात बंद कर दिया है, जिससे अब फसलों के रेट नहीं बढ़ेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि कम से कम किसानों को मुआवजा देकर उन्हें राहत प्रदान की जाए।