श्री राम मंदिर में मां ब्रह्मचारिणी की पूजा
श्री राम संकीर्तन सभा मंदिर में नवरात्र के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के दूसरे दिन रविवार को मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की गई।
संवाद सूत्र, फाजिल्का :
श्री राम संकीर्तन सभा मंदिर में नवरात्र के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के दूसरे दिन रविवार को मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की गई। सुबह करीब सात बजे मां का पूजन हुआ, जबकि शाम को दुर्गास्तुति के पाठ किए गए। इसके अलावा दिन भर मंदिर में श्रद्धालुओं का आना जाना लगा रहा। इस संबंधी मंदिर कमेटी के अध्यक्ष केवल कृष्ण कामरा ने बताया कि रविवार को मां का पूजन व प्रसाद की सेवा सुनीता व परिवार द्वारा निभाई गई। सुबह करीब 7.25 पर मंदिर में मां दुर्गा का पूजन किया गया। जिसके बाद शाम साढ़े 3 से शाम 6 बजे तक सामूहिक श्री दुर्गा स्तुति पाठ किए गए। उन्होंने बताया कि श्री सुंदरकांड महिला समिति द्वारा रोजाना यह पाठ किए जाएंगे। 25 अक्टूबर समाप्ति वाले दिन सुबह साढ़े नौ बजे 108 कन्याओं का कंजक पूजन किया जाएगा। इसी तरह शरद नवरात्र कार्यक्रम की समाप्ति 25 अक्टूबर शाम साढ़े तीन से छह बजे तक सामूहिक दुर्गा स्तुति पाठ के साथ होगी। अध्यक्ष कामरा ने बताया कि इस आयोजन के दौरान कोविड-19 की सभी हिदायतों का पालन किया जा रहा है। मंदिर के प्रवेश द्वार पर सैनेटाइज मशीन रखी गई है, जहां सैनेटाइज के बाद ही श्रद्धालु अंदर प्रवेश कर रहे हैं।