अबोहर : चुनावी रण के लिए सज गई बिसात
महासमर 2022 के तहत राजनीतिक पार्टियों द्वारा अपने-अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर देने के साथ ही हलके में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
राज नरूला, अबोहर : महासमर 2022 के तहत राजनीतिक पार्टियों द्वारा अपने-अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर देने के साथ ही हलके में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी प्रत्याशी डोर-टू-डोर जनता के पास जाकर संपर्क रहे हैं। पहले दो पार्टियों में ही सीधा मुकाबला देखने को मिलता था, लेकिन इस बार मुकाबला चौतरफा होने के आसार बन रहे हैं। चार पार्टियों ने तो उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं, लेकिन अभी संयुक्त समाज मोर्चा ने अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। सभी उम्मीदवार जहां लोगों को लुभावने के प्रयास में लग चुके है, वहीं एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप भी लगा रहे हैं। जनता फिलहाल सबकी सुन रही है । 20 फरवरी को मतदान डालकर फैसला करेगी। भाजपा ने यहां दूसरी बार विधायक अरूण नारंग को चुनाव मैदान में उतारा है। उन्होंने पिछली बार पहली बार चुनाव लड़ा था और विधानसभा पहुंचने में कामयाब रहे थे। वह वर्तमान कांग्रेस सरकार की नाकामियों को जनता को बता रहे हैं। जबकि विकास का श्रेय केंद्र की अमृत योजना को बताते है। इसके अलावा शहर को भय मुक्त बनाना जैसे मुद्दों पर बात कर रहे हैं। उनका सत्तापक्ष पर आरोप है कि उन्होंने झूठे पर्चे दर्ज करवाकर बदलाखोरी की राजनीति की।
---
कांग्रेस
कांग्रेस ने यहां संदीप जाखड़ को टिकट दिया है। संदीप जाखड़ पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ के भतीजे है वह पिछले लंबे समय से यहां की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं व अपनी सियासी जमीन तैयार करने में लगे हुए थे। उनका दावा है कि शहर में कांग्रेस सरकार की बदौलत 400-500 करोड़ के विकास कार्य करवाए जा चुके है या चल रहे हैं। इसके अलावा वह कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां लोगों को गिना रहे हैं। वह विकास के दम पर ही वोट मांग रहे हैं।
---
शिअद-बसपा
डा. महिदर रिणवा कांग्रेस को छोड़कर शिअद में शामिल हुए है और अकाली-बसपा गठबंधन की तरफ से चुनाव लड़ रहे हैं। वह फाजिल्का से कांग्रेस के विधायक रह चुके हैं। शिअद अपने दम पर पहली बार अबोहर से चुनाव मैदान में है। अबोहर की सीट भाजपा के हिस्से में आती रही है व यहां से भाजपा का ही उम्मीदवार चुनाव मैदान में लड़ता आया है। वह जहां शिअद सरकार द्वारा शुरू की गई लोग भलाई स्कीमों के बारे लोगों को बता रहे हैं वहीं अब शिअद द्वारा सरकार आने पर किए जा रहे वादों को भी बता रहे हैं। इसके अलावा वह विकास कार्यों में हुई गड़बड़ियों की जांच करवाने की बात भी कहते हैं।
----
आम आदमी पार्टी उम्मीदवार
आम आदमी पार्टी ने यहां से दीप कंबोज को चुनाव मैदान में उतारा है। वह लंबे समय से पार्टी से जुड़े हुए है व युवा है। उन्हें केवल पार्टी के नाम का ही सहारा है जिसके दम पर वह मैदान जीतने की कोशिश कर रहे है हालांकि कंबोज बिरादरी से संबंधित होने का फायदा भी मिल सकता है।