बम-बम भोले के जयकारों से गूंजा आसमां
देवों के देव महादेव के महापर्व महाशिवरात्रि को शहर के विभिन्न मंदिरों में धूमधाम से मनाया गया। शिवरात्रि के उपलक्ष्य में शहर के सभी मंदिर रात को ही दुल्हन की तरह सज गए।
संस, फाजिल्का : देवों के देव महादेव के महापर्व महाशिवरात्रि को शहर के विभिन्न मंदिरों में धूमधाम से मनाया गया। शिवरात्रि के उपलक्ष्य में शहर के सभी मंदिर रात को ही दुल्हन की तरह सज गए। प्राचीन ऐतिहासिक श्री हनुमान मंदिर, श्री राम मंदिर, श्री बाला जी धाम में सुबह से ही भक्त मंदिरों के कपाट के आगे लाइनों में लगे रहे और बम-बम भोले के जयकारे के साथ शिवलिग पर जलाभिषेक किया। इसके अलावा बाजारों में भी जगह-जगह पर स्टालें लगाई गई।
मेहताब गंज रोड पर स्थित श्री राम मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने शिवलिग पर जलाभिषेक किया। मंदिर के अध्यक्ष केवल कृष्ण कामरा ने बताया कि चार पहर के पूजन के अलावा मंदिर में सुबह सवा 8 बजे अखंड परिक्रमा की शुरुआत की गई। वहीं सुबह 9 बजे श्री रामायण जी का अखंड पाठ प्रारंभ किया गया, जिसका समाप्ति पूजन 12 मार्च सुबह 10 बजे होगा। उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि का प्रथम पूजन सुबह 5.30 बजे से 7.30 बजे, दूसरा पूजन सुबह 9.51 से 11.45 बजे, तीसरा पूजन शाम 4.30 बजे से 6.24 बजे हुआ व चौथा और आखिरी पूजन 11.22 से 1.40 बजे तक संपन्न हुआ।
वहीं श्री हनुमान मंदिर कमेटी के अध्यक्ष दविदर सचदेवा ने बताया कि मंदिर के कपाट सुबह ही खोल दिए गए थे। सुरक्षा का पूरा प्रबंध किया गया और पुलिस बल के साथ-साथ उनकी संस्था के सदस्यों ने अपनी ड्यूटी को बखूबी से निभाया। वहीं शिवपुरी में स्थित शिव मंदिर में सुबह शिव व माता गौरा की आरती की, फिर माल्यार्पण किया और पुष्पवर्षा की। बाला जी धाम में भी महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह से लेकर शाम तक श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर शिवलिग का अभिषेक किया। इसके अलावा बाजारेां में भी शिवरात्रि पर विभिन्न व्यंजनों का भंडारा लगाया गया।