छात्राओं को सिखाए आत्मरक्षा के गुर
डीएवी कालेज में छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के लिए लगाया गया ट्रेनिग कैंप वीरवार को समाप्त हो गया।
संवाद सहयोगी, अबोहर : डीएवी कालेज में छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के लिए लगाया गया ट्रेनिग कैंप वीरवार को समाप्त हो गया। इस अवसर पर एसपी क्राइम वूमेन सैल नवनीत कौर ने कहा कि महिलाएं किसी भी मामले में पुरूषों से कम नहीं है। सरकार ने भी महिलाओं को सुरक्षा के लिए कड़े कानून बनाए हैं। इसलिए महिलाएं हौसले के साथ आगे बढ़ें और किसी भी मुसीबत के समय डट कर उसका सामना करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि छात्राएं किसी भी क्षेत्र में कम नहीं है। अगर आप को कोई परेशान करता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। इसी के साथ उन्होंने ट्रेनिग कैंप में अच्छा प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जो छात्राएं ट्रेनिग ले चुकी हैं वह अपने आस-पास की महिलाओं व छात्राओं को भी ट्रेनिग दें ताकि वह भी मुसीबतों का डटकर सामना कर सकें। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों को दिलाने के लिए यहां वूमैन सैल बनाया गया है। उन्होंने छात्राओं से फेसबुक पर सावधान रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक किस्म के लोग लड़की बनकर आपकी सारी जानकारी ले लेते हैं और बाद में परेशान करते हैं। इसलिए फेसबुक पर बहुत सावधानी बरतनी चाहिए और अपनी निजी जानकारी किसी को न दें। इस दौरान छात्राओं ने एसपी का आटोग्राफ लिया और उनसे कई सवाल भी पूछे जिसका एसपी अवनीत कौर सिद्धू ने जवाब भी दिया। एसपी ने छात्राओ को अपना मोबाइल नंबर देते हुए कहा कि वह कभी भी जरूरत पड़ने पर बात कर सकती हैं।