संगत ने किया सतनाम वाहेगुरु का जाप
हिद की चादर श्री गुरू तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस को समर्पित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा फाजिल्का द्वारा क्षेत्र के श्रद्धालुओं के सहयोग से मशाल संध्या फेरी का आयोजन किया गया।
संवाद सूत्र, फाजिल्का : हिद की चादर श्री गुरू तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस को समर्पित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा फाजिल्का द्वारा क्षेत्र के श्रद्धालुओं के सहयोग से मशाल संध्या फेरी का आयोजन किया गया। गुरुद्वारा साहिब से बड़ी संख्या में संगत ने इसमें भाग लिया। इसके अलावा गुरुद्वारा परिसर में सुबह से लेकर देर शाम तक विभिन्न आयोजन किए गए।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष दविंद्र पाल सिंह ने बताया कि मंगलवार को शाम गुरु घर से यह संध्या फेरी शुरू की गई, जोकि साइकिल बाजार, शास्त्री चौंक, सर्राफा बाजार, चौंक घंटा घर, बजाजी बाजार, मेहरियां बाजार, पुराना अबोहरी रोड, गांधी चौंक, राम कीर्तन सभा मंदिर रोड से होती हुई गुरुद्वारा साहिब में समाप्त हुई। इस दौरान जहां विभिन्न जगह पर प्रसाद वितरित कर संध्या फेरी का स्वागत किया गया, वहीं श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई। इस दौरान संध्या फेरी के साथ चल रहे श्रद्धालुओं ने जहां भजनों का गायन किया गया। वहीं सतनाम वाहेगुरु के जाप से शहर गूंजमयी हो गया। इस दौरान गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस को समर्पित गुरुद्वारा साहिब में सुबह पांच से एक बजे और दोपहर पांच बजे से देर रात्रि तक विभिन्न आयोजन किया गया, जहां विभिन्न श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माथा टेका। आयोजन में डा. बलबीर सिंह, अमरजीत सिंह संधू, लैक्चरार हरमिन्द्र सिंह दुरेजा, परमजीत सिंह, दविन्द्र सिंह आहूजा, मनजीत सिंह बांगा, सुखविन्द्र सिंह सुखा, महंगा सिंह जेई, गुरमीत सिंह फौजी, गुरमीत सिंह राणू, अशोक गुलबधर प्रधान व्यापार मंडल, आत्मा सिंह सेखों मैनेजर डीएवी कालेज, बाबू राम छोकरा प्रधान अरोड़वंश सभा, लीलाधर शर्मा, संजीव मार्शल एडवोकेट, दविन्द्र सचदेवा प्रधान आढ़तिया एसोसिएशन, परमजीत सिंह कानूनगो, मास्टर सर्बजीत सिंह, अमरीक सिंह, भाई गुरविन्द्र सिंह शेरा, गुरप्रीत सिंह, सहजपाल सिंह, हरीश चंद्र पुपनेजा, प्रदीप सेठी, महेश बब्बर, ब्रह्मजीत सिंह गिल्होत्रा, नारायण सिंह हनी, हरदीप सिंह ने सहयोग किया। रागी जत्थों ने किया संगत को निहाल संस, अबोहर : श्री गुरु तेग बहादुर जी का शहीदी दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस उपलक्ष्य में गुरुद्वारा श्री सिंह सभा में श्री अखंड पाठ का भोग डाला गया। इस अवसर पर काफी संख्या में संगत ने गुरुद्वारा पहुंच कर श्री गुरु ग्रंथ साहिब की हजूरी में माथा टेका व श्री गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान को याद किया।
इस अवसर पर रागी जत्थों ने गुरबाणी व श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत का गुणगान कर संगत को निहाल किया। सुबह से संगत का आगमन गुरुद्वारा साहिब में हो गया व काफी संख्या में संगत ने गुरुद्वारा साहिब में पहुंच कर शीश झुकाया। रागी जत्थों ने संगत को गुरबाणी से निहाल किया। सभी ने मिलकर अरदास की व उसके बाद प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर लंगर भी लगाया गया।