गुरु के बिना सब ज्ञान अधूरा : शास्त्री
आलमशाह रोड पर स्थित श्री अवधूत गणेश हरि सत्संग भवन में गुरू पूर्णिमा पर कार्यक्रम करवाया
संवाद सूत्र, फाजिल्का : आलमशाह रोड पर स्थित श्री अवधूत गणेश हरि सत्संग भवन में गुरू पूर्णिमा के उपलक्ष्य में चल रहे धार्मिक समारोह के तहत बीती रात संकीर्तन व कथा का आयोजन किया गया। जिसमें गुरु की महिमा के बारे में श्रद्धालुओं को बताया गया।
इस मौके पर विभिन्न संकीर्तन कमेटियों की ओर से मंदिर में पहुंचकर भगवान का गुणगान किया गया। इस मौके कथा करते हुए संत हरिचरण सिंह शास्त्री वेदांताचार्य ने कहा कि गुरू के बिना ज्ञान अधूरा रहता है। गुरु ही मनुष्य को भव सागर से पार जाने का रास्ता बताता है। जीवन में गुरू को जरूर धारण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मनुष्य जन्म बार बार नहीं मिलता। इसलिए हमें अच्छे कर्म करने चाहिए व प्रभु का सिमरन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मनुष्य जन्म मिलते ही इंसान यहां की मोह माया में फंस जाता है। लेकिन गुरु हमेशा मनुष्य को इस मोह माया का त्याग करवा उसे प्रभु भक्ति के रास्ते पर लाता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वह दिन और रात जब भी समय मिले प्रभु का सिमरण जरूर करें। इस मौके पर सभा के चेयरमैन एलडी शर्मा, सुभाष चंद्र कटारिया, प्रधान बिटू सचदेवा व अन्य श्रद्धालुओं ने संत निहाल सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
एडवोकेट कटारिया ने कहा कि गुरू पूर्णिमा के उपलक्ष्य में एक माह से रामायण जी के अखंड पाठ किए जा रहे हैं। जिनका भोग 25 जुलाई की सुबह डाला जाएगा। उसके बाद गुरू पूजा की जाएगी। इसके उपरांत कोरोना हिदायतों का पालन करते हुए खुला भंडारा आयोजित किया जाएगा।