प्रभातफेरी में संगत कर रही वाहेगुरु-वाहेगुरु का जाप
धन-धन श्री गुरु नानक देव के 551वें प्रकाशोत्सव को समर्पित प्रभातफेरियां रोजाना नगर में विभिन्न गुरुद्वारा साहिब से निकाली जा रही हैं।
संवाद सूत्र, फाजिल्का
धन-धन श्री गुरु नानक देव के 551वें प्रकाशोत्सव को समर्पित प्रभातफेरियां रोजाना नगर में विभिन्न गुरुद्वारा साहिब से निकाली जा रही हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भजन गायन कर रहे हैं। इन प्रभातफेरियों का विभिन्न मोहल्लों में पुष्पवर्षा करके भी स्वागत किया जा रहा है।
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा कमेटी के सेवादार भाई दविद्रपाल सिंह ने बताया कि प्रकाशोत्सव को लेकर 9 नवंबर से यह प्रभातफेरियां निकाली जा रही हैं, जो 29 नवंबर तक जारी रहेंगी। सोमवार को गोशाला रोड व आसपास के मोहल्लों में प्रभातफेरी निकाली गई। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा करके स्वागत किया गया। प्रभातफेरी के दौरान जहां धार्मिक भजन गायन किए गए, वहीं वाहेगुरु-वाहेगुरु का जाप किया गया। सुबह पांच बजे निकाली प्रभातफेरी सुबह सात बजे गुरुद्वारा परिसर में समाप्त हुई। उन्होंने बताया कि प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में 28 नवंबर को शहर में नगर कीर्तन धूमधाम से निकाला जाएगा जोकि कोरोना महामारी को लेकर जारी की हिदायतों के अनुसार निकाला जाएगा। यह नगर कीर्तन सुबह साढ़े 11 बजे गुरुद्वारा परिसर से शुरू होगा। 30 नवंबर को महान गुरमति समारोह का आयोजन किया जाएगा जिसमें सुबह पांच बजे से दोपहर एक बजे तक और शाम सवा छह बजे से रात साढ़े नौ बजे तक विभिन्न रागी जत्थों द्वारा कीर्तन व कथा की जाएगी। वहीं मोगा से भाई राजदीप सिंह भी विशेष रूप से पहुंचेंगे और कीर्तन के जरिए श्रद्धालुओं को निहाल करेंगे। गुरु का अटूट लंगर भी वितरित किया जाएगा। वहीं धोबीघाट मोहल्ले के गुरुद्वारा साहिब से भी रोजाना प्रभातफेरी निकाली जा रही है जिसके उपलक्ष्य में 30 नवंबर को धार्मिक आयोजन होगा।