नहीं चलेंगी बसें, बंद रहेंगे बाजार
केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए कृषि विधेयक को लेकर जिला स्तर पर बनी अलग अलग यूनियनें एक मंच पर एकत्रित हो गई हैं जिससे किसानों के संघर्ष को मजबूती मिली है।
मोहित गिल्होत्रा, फाजिलका :
केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए कृषि विधेयक को लेकर जिला स्तर पर बनी अलग अलग यूनियनें एक मंच पर एकत्रित हो गई हैं, जिससे किसानों के संघर्ष को मजबूती मिली है। इसके अलावा किसानों को विभिन्न कर्मचारी यूनियन, आंगनबाड़ी यूनियन, आढ़तियों, मुनीम आदि का साथ भी मिल रहा है, जिसके चलते किसानों की ओर से शुक्रवार को पंजाब बंद का आह्वान किया गया है। जिसका समर्थन व्यापार मंडल फाजिल्का ने भी किया है, जिसके चलते आज बाजार पूरी तरह से बंद रहेंगे।
भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर के जिलाध्यक्ष प्रगट सिंह ने बताया कि भारतीय किसान यूनियन लक्खोवाल, भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहा, किसान संघर्ष मजदूर यूनियन, आढ़तिया एसोसिएशन, मुनीम यूनियन आदि द्वारा एक मंच पर एकत्रित होकर संघर्ष किया जा रहा है। यूनियन के हर एक सदस्य को इस संघर्ष में शामिल होने के लिए कहा गया है। इस दौरान सारे बाजार बंद रहेंगे और किसानों द्वारा रोष मार्च करते हुए गांव बाधा के निकट रोष प्रदर्शन किया जाएगा। उधर पनबस कर्मचारी यूनियन, आंगनवाड़ी यूनियन, ठेका कर्मचारी यूनियन, जल सप्लाई यूनियन के अलावा अन्य यूनियन द्वारा किसानों का समर्थन किया जाएगा और रोष प्रदर्शन में भाग भी लिया जाएगा। --- पनबस कर्मी करेंगे किसानों का समर्थन
पनबस कर्मचारी यूनियन के प्रधान मनप्रीत सिंह व कोषाध्यक्ष उड़ीक चंद ने कहा कि पनबस यूनियन ने संघर्ष में शामिल होने का पहले ही समर्थन किया गया है। जबकि अभी लिखती रूप में बसों के बंद रहने की सूचना नहीं आई। लेकिन वह सभी बसों को फाजिल्का के बस स्टैंड पर ही रोक रहे हैं। क्योंकि अगर पंजाब बंद होगा तो बसों का चलना भी मुश्किल है। व्यापार मंडल ने दिया बंद में समर्थन
व्यापार मंडल के अध्यक्ष अशोक गुलबद्धर ने बताया कि किसान संगठनों ने फाजिल्का व्यापार मंडल से सहयोग की अपील की है। किसानों की भावनाओं की कद्र करते हुए व्यापारी वर्ग 25 को किए जा रहे बंद में सहयोग करते हुए कामकाज बंद रखेगा। यह बंद किसान संगठनों द्वारा किए जा रहे दोपहर तक के प्रदर्शन के अनुसार शाम 4 बजे तक जारी रहेगा। उसके बाद व्यापारी व दुकानदार अपना कारोबार कर सकते हैं। --- स्थिति संभालने के लिए पुलिस तैयार
डीएसपी जसबीर सिंह ने कहा कि किसानों द्वारा किए जाने वाले संघर्ष को लेकर पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। वहीं हाईवे पर काफी संख्या में पुलिस को तैनात किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां भी किसानों द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा, वहां ट्रैफिक जाम जैसी समस्या ना हो इसके लिए भी विशेष टीमें गठित की जाएगी। पुलिस किसी भी स्थिति को संभालने के लिए तैयार है।