मृतक की पत्नी ने किया आत्मसमर्पण, 30 घंटे बाद धरना हुआ समाप्त
जिले के गांव सैदोके में एक व्यक्ति की मौत के मामले में नामजद महिला की गिरफ्तारी को लेकर गांव वासियों व किसानों का धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।
संवाद सूत्र, जलालाबाद (फाजिल्का) : जिले के गांव सैदोके में एक व्यक्ति की मौत के मामले में नामजद महिला की गिरफ्तारी को लेकर गांव वासियों व किसानों का धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। इस धरने में कोटकपूरा से आम आदमी पार्टी के विधायक कुलतार संधवा भी शामिल हुए। दोपहर बाद उक्त मृतक व्यक्ति की पत्नी द्वारा खुद ही थाना अरनीवाला पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करने के बाद ग्रामीणों व परिजनों ने धरना समाप्त किया और शव का अंतिम संस्कार किया।
मृतक के भाई गुरविदर सिंह ने बताया कि उसका भाई मरा नहीं है बल्कि उसको आग लगाकर जलाया गया है। गुरविदर सिंह ने बताया कि भाभी का कहना था कि उसके द्वारा अपने पति गुरसेवक सिंह की आग बुझाने का प्रयास किया। जब वह चीख पुकार सुनकर घर पहुंचा तो मुख्य द्वार बंद था। जब वह द्वार फांद पर घर के अंदर पहुंचे तो देखा कि गुरसेवक सिंह की आग बुझ चुकी थी तथा गर्दन से नीचे उसका सारा शरीर बुरी तरह झुलस चुका था। उसने आरोप लगाय कि उसकी भाभी खुशमनप्रीत ने ही उसके भाई गुरसेवक सिंह को आग लगाकर जलाया है। इसके बाद पुलिस ने उक्त महिला पर मामला दर्ज कर लिया। लेकिन इस दौरान महिला गांव से अपने रिश्तेदारों के यहां चली गई जिसका पता चलते ही परिजनों ने गांव वासियों के साथ मिलकर सोमवार सुबह दस बजे धरना शुरू किया, जो देर रात जारी रहा। इसके बाद मंगलवार को यह धरना शाम चार बजे तक जारी रहा। पुलिस स्टेशन से जानकारी मिली कि महिला ने आत्मसमर्पण कर दिया है। इसके बाद कुछ लोग थाने पहुंचे और महिला की शिनाख्त की। जिसके बाद धरने को समाप्त कर दिया गया। डीएसपी जसपाल सिंह ढिल्लों ने कहा कि नामजद महिला इस समय पुलिस हिरासत में है और अदालत में पेश करने के बाद पूछताछ की जाएगी। महिला ने आरोपों को नकारा
नामजद महिला खुशमनप्रीत ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करते हुए कहा कि वह खुद पारिवारिक सदस्यों व पंचायत के साथ थाने में पेश होने आई है। जो उस पर कत्ल के आरोप लगाए जा रहे हैं वह बिल्कुल झूठे हैं। जबकि उसके छोटे-छोटे बच्चे हैं और वह क्यों अपने पति का कत्ल करेगी। उसने बताया कि ससुराल परिवार से संबंधित देवर व जेठ जायदाद हड़पने के लिए उस पर कत्ल के झूठे आरोप लगा रहे हैं। उसने बताया कि इस केस की चाहे किसी भी ईमानदार अधिकारी से जांच करवा ली जाए तो सारी सच्चाई सामने आ जाएगी।