अब बाजारों में सैर करने वाले करेंगे जेल की सैर
कर्फ्यू के आदेशों की उल्लंघना करने वालों पर अब सख्त कार्रवाई करने का मन बना लिया है।
संवाद सहयोगी, फाजिल्का : जिला पुलिस प्रशासन ने कर्फ्यू के आदेशों की उल्लंघना करने वालों पर अब सख्त कार्रवाई करने का मन बना लिया है। इसको लेकर डिप्टी कमिश्नर फाजिल्का ने आदेश जारी किए है कि फाजिल्का, जलालाबाद व अबोहर में आरजी जेल तैयार की जाए। इन जिलों के इंचार्ज सुपरिटेंडेंट सब जेल फाजिल्का होंगे। इन जेलों में उन लोगों को रखा जाएगा, जो शहर में बिना वजह घूम रहे हैं। इसके लिए जिला पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है।
डीसी संधू ने बताया कि जिला फाजिल्का में तालाबंदी और कर्फ्यू को पूर्ण तौर पर लागू करने के लिए आम जनता को घरों से बाहर जाने से रोकने के उद्देश्य के लिए जिले में आरजी जेल मल्टीपर्पज खेल स्टेडियम जलालाबाद, मल्टीपर्पज खेल स्टेडियम फाजिल्का और डीएवी कॉलेज के ऑडिटोरियम हाल अबोहर में बनाई जा रही हैं।
उन्होंने आदेश में बताया कि सुपरिटेंडेंट सब जेल फाजिल्का आरजी जेलों के ओवरआल इंचार्ज होंगे। इसके अलावा मल्टीपर्पज खेल स्टेडियम जलालाबाद की आरजी जेल के लिए उप कप्तान पुलिस जलालाबाद, मल्टीपर्पज खेल स्टेडियम फाजिल्का के लिए उप कप्तान पुलिस (डी) फाजिल्का और डीएवी कॉलेज ऑडिटोरियम हाल अबोहर बिल्डिंग में बनाई आरजी जेल के लिए कप्तान पुलिस अबोहर सुपरिटेंडेंट सब जेल फाजिल्का की सहायता के लिए नियुक्त किया जाता है।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा आम जनता को महामारी से बचाने के लिए कर्फ्यू भी जारी रखा गया है।
इस संबंध में एसपी कुलदीप शर्मा व डीएसपी हैडक्वाटर अशोक शर्मा की अगुआई में पुलिस ने शहर में मार्च निकाला और बिना वजह घूमने वाले लोगों पर मामले दर्ज किए। इस दौरान एसपी कुलदीप शर्मा ने कहा कि कर्फ्यू की पूर्ण तरीके के साथ पालना की जाएगी। किसी को भी बिना वजह घूमने नहीं दिया जाएगा। कर्फ्यू की उल्लंघना करने वालों के लिए तीन आरजी जेल बन गई हैं, जिन्हें इनमें बंद किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि लोग घरों में रहकर कर्फ्यू का पालन करें।