मंदबुद्धि लोगों की देखभाल के लिए बनेगा आश्रम
मानव सेवा समिति की ओर से मंदबुद्धि लोगों की देखभाल के लिए गांव धर्मपुरा में आश्रम का निर्माण शुरू किया जा रहा है जिसके लिए सोमवार को भूमि पूजन किया गया।
संवाद सहयोगी, अबोहर : मानव सेवा समिति की ओर से मंदबुद्धि लोगों की देखभाल के लिए गांव धर्मपुरा में आश्रम का निर्माण शुरू किया जा रहा है, जिसके लिए सोमवार को भूमि पूजन किया गया।
प्रमुख सेवादार सुभाष मानव ने बताया कि संस्था की ओर से किए जा रहे लगभग 48 किस्म के सेवा कार्यों में से सबसे महत्वपूर्ण सेवा कार्य मंदबुद्धि लोगों की देखभाल करना है। उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से अब तक अनेक मंदबुद्धि पुरुषों और महिलाओं की देखभाल करने उपरांत उन्हें उनकी मंजिल तक पहुंचाया जा चुका है, लेकिन कोरोना के कारण पिछले कुछ समय से इस सेवा में बाधा आ चुकी है क्योंकि इस तरह के लोगों की देखभाल करने के लिए संस्था का अपना कोई आश्रम नहीं था, जिसके कारण लगभग डेढ़ वर्ष से यह सेवा बंद की हुई थी। संस्था को आश्रम बनाने के लिए गांव धर्मपुरा निवासी सररपंच कृषण लाल द्वारा अपनी जमीन दान की गई है, इस जमीन की रजिस्ट्री और इंतकाल संस्था के नाम पर दर्ज हो चुका है। इस जमीन पर आश्रम का निर्माण करने के लिए विधिपूर्वक भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर डीएवी कालेज आफ एजूकेशन कार्यकारी प्रिसिपल डा. विजय ग्रोवर मुख्यअतिथि रहे। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी किरण ग्रोवर एसोसिएट प्रोफेसर डीएवी कालेज, बेटी चेष्टा ग्रोवर और बहन नीलम रानी रिटायर्ड सेंटर हेड टीचर भी कार्यक्रम में शामिल हुए। डा. विजय ग्रोवर ने आश्रम के निर्माण में सभी को अपनी-अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करना चाहिए। उन्होंने आश्रम निर्माण में सहयोग करते हुए अपनी तरफ से 51,000/-रुपये का चेक संस्था को भेंट किया। कार्यक्रम में शामिल भट्टा यूनियन की तरफ से प्रधान बिदर ने कहा कि उनकी यूनियन में शामिल प्रत्येक भट्ठा 1100 ईटों का सहयोग देगा। कार्यक्रम में शामिल वर्श कंस्ट्रक्शन कंपनी के संचालक विनित झांब द्वारा आर्थिक सहयोग दिया गया। गांव धर्मपुरा तथा संस्था के सेवादारों द्वारा भी सहयोग राशि भेंट की गई। कार्यक्रम के मंच का संचालन भगवंत भठेजा ने किया।