फाजिल्का से चली एकमात्र बस, 10 यात्रियों ने किया सफर
दो दिन के इंतजार के बाद शुक्रवार को सुबह नौ बजे पहली बस फिरोजपुर के लिए रवाना हुई।
जागरण संवाददाता, फाजिल्का : दो दिन के इंतजार के बाद शुक्रवार को फाजिल्का से सुबह नौ बजे पहली बस फिरोजपुर के लिए रवाना हुई। ऐसा लग रहा था कि अब धीरे धीरे बसों के आवागमन की संख्या बढ़ेगी, लेकिन दोपहर तक किसी भी बस को सवारी ही नहीं मिली।
वहीं, पहली बस में 10 के करीब यात्रियों ने सफर किया, जिनकी सेहत विभाग की टीम ने बस में बैठने से पहले जांच की और बाद में शारीरिक दूरी का पालन करते हुए उन्हें टिकट उपलब्ध करवाई।
फाजिल्का बस स्टैंड में 30 से अधिक बसें खड़ी है। क्वारंटाइन किए गए ड्राइवर व कंडक्टर को छोड़कर बाकी का स्टाफ बसों को ले जाने के लिए तैयार है, लेकिन सवारियां न मिलने के कारण बसें अपनी जगह पर ही खड़ी हुई हैं।
शुक्रवार को एकमात्र बस 10 सवारियों को लेकर फिरोजपुर के लिए रवाना हुई। सवारियों को बस में चढ़ने से लेकर उतारने तक शारीरिक दूरी के नियम का पूर्ण पालन किया गया। बस की हर सीट पर बैठने के लिए निशान लगाए गए। इसके अलावा सभी सवारियों को मास्क लगाकर ही सफर करने के लिए कहा गया। पंजाब रोडवेज सब डिपो के ड्यूटी इंस्पेक्टर पवन कुमार ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे पहली बस रवाना हुई, जो सीधी फिरोजपुर गई। लेकिन इसके बाद बस स्टैंड पर सवारियां नहीं आई। दूसरे दिन बस स्टैंड पर आने पर मिली बस
बस स्टैंड पर मौजूद दविद्र कुमार ने बताया कि वह वीरवार को भी फाजिल्का के बस स्टैंड पर आया। लेकिन यहां आकर पता चला कि सवारियां नहीं हैं। जिस कारण बस नहीं चलेगी। थोड़ा इंतजार किया और फिर वापस लौट गया। शुक्रवार सुबह बस स्टैंड में आने पर आठ सवारियां दिखी तो पता चला कि बस चलनी है, जिससे वह फिरोजपुर जा पा रहा है।