सरहिद की फर्म का जाली मार्का लगाकर हरियाणा में लाखों रुपये के पानी वाले पंखे बेचे, केस
सरहिद की एक फर्म का जाली मार्का लगाकर हरियाणा के कई जिलों में लाखों रुपये के पानी वाले पंखे बेचने का मामला सामने आया है।
जागरण संवाददाता, फतेहगढ़ साहिब
सरहिद की एक फर्म का जाली मार्का लगाकर हरियाणा के कई जिलों में लाखों रुपये के पानी वाले पंखे बेचने का मामला सामने आया है। गुजरात की डीजल आयल पंप बनाने वाली नामी फर्म का रजिस्ट्रेशन नंबर लगाकर यह गोरखधंधा चलता था। थाना फतेहगढ़ साहिब में सुशील ठुकराल निवासी हमांयुपुर (सरहिद) की शिकायत पर आरोपित गुप्ता इंडस्ट्रीयल कारपोरेशन पंप सिनेमा रोड सरहिद के मालिक सुनील गुप्ता खिलाफ धोखाधड़ी व ट्रेड मार्का एक्ट की विभिन्न धाराओं तहत मामला दर्ज किया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार ठुकराल मैकेनिकल वर्कस दशमेश नगर सरहिद की मालिक उनकी पत्नी सुमीता ठुकराल हैं। वह कंपनी में बतौर मैनेजर काम करते हैं। उनकी फर्म पानी वाले पंखे बनाती है। उनका ट्रेड मार्क फील्ड मार्शल वर्ष 1965 से रजिस्टर है। देश के विभिन्न जिलों में वे पानी वाले पंखे व पंखों का पार्ट्स सप्लाई करते हैं। उन्हें पता चला था कि सुनील गुप्ता उनकी फर्म का जाली मार्का लगाकर करीब दो महीनों से पानी वाले पंखे व पंखों के पार्ट्स हरियाणा में सप्लाई कर रहा था। सुनील गुप्ता ने पूर्ण चंद रामधारी बड़ौदा रोड गोहाना जिला सोनीपत (हरियाणा) को करीब पांच सौ पंखे बेच दिए थे। इस पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की और रेड के दौरान आरोपित की फर्म से फील्ड मार्शल फर्म के पंखे बरामद हुए। पंखों के 105 पार्ट्स, 44 बेस प्लेट्स, 110 ब्रेकट और 80 नेल पेंट बरामद की गईं। सुशील ठुकराल ने बताया कि गुजरात की पीएम डीजल फर्म का रजिस्ट्रेशन नंबर प्रयोग में लाया जाता था। जबकि, यह फर्म डीजल इंजन आयल बनाती है। आरोपित सुनील गुप्ता 25 से 30 लाख रुपये का सामान बेच चुका था। उनकी फर्म का बनाया असली पंखा छह हजार रुपये में बेचा जाता है। इसी पंखे को आरोपित जाली मार्का लगाकर 4200 रुपये में बेचता था। सब इंस्पेक्टर हरदीप सिंह ने कहा कि हर पहलु पर जांच की जा रही है। बिना बिल सप्लाई होता था सामान
सुशील ठुकराल ने बताया कि सरहिद से हरियाणा और फिर हरियाणा के बीच भी बिना बिल के माल सप्लाई होता था। ऐसा करके आरोपित टैक्स चोरी करते थे। इसकी शिकायत जीएसटी विभाग से भी की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस से मांग की कि एफआईआर में सुनील गुप्ता के साथ साथ हरियाणा में माल खरीदने वाली फर्म के मालिक और गुजरात की फर्म के मालिक को भी नामजद किया जाए।