ज्वेलर्स और बर्तनों की दुकानों पर खरीददारी को उमड़े लोग
धनतेरस पर खरीददारी के लिए बाजारों में भारी भीड़ रही।
संवाद सहयोगी, सरहिद : धनतेरस पर खरीददारी के लिए बाजारों में भारी भीड़ रही। इस दौरान लोगों ने सोने के जेवरातों और बर्तनों की ज्यादा खरीददारी की। पंडित योगराज शर्मा ने इस दिन का महत्व समझाते हुए कहा कि धनतेरस का पर्व कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि पर मनाया जाता है। धनतेरस पांच दिना तक चलने वाले दीवाली महापर्व का पहला दिन होता है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन भगवान धन्वंतरि का जन्म हुआ था। समुद्रमंथन के दौरान पैदा हुए भगवान धन्वंतरि के हाथ में अमृत कलश था। धनतेरस पर बर्तन की खरीदारी करने की परंपरा है और ऐसा कहा जाता है जो भी व्यक्ति इस दिन घर पर नई चीजें लाता है उसमें 13 गुना की वृद्धि होती है। धनतेरस के दिन शुभ मुहूर्त में नई वस्तुएं खरीदनी चाहिए। इस दिन बर्तन, सोने, चांदी की वस्तुएं सबसे ज्यादा खरीदी जाती हैं। उधर, ओपी ज्वेलर्स के ओम प्रकाश व सुनील वर्मा ने बताया कि सोने का रेट ज्यादा होने के कारण पहले उन्हें लग रहा था कि लोग शायद की खरीददारी में दिलचस्पी लें। लेकिन सोने चांदी की खरीददारी पिछले सालों की तरह ही रही।