फतेहगढ़ साहिब में एसडीएम दफ्तर के कर्मी समेत नौ संक्रमित
फतेहगढ़ साहिब जिलें में बुधवार को एक बार फिर नौ लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से एक व्यक्ति एसडीएम दफ्तर खमाणों में कार्यरत है।
संवाद सहयोगी, फतेहगढ़ साहिब : जिलें में बुधवार को एक बार फिर नौ लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से एक व्यक्ति एसडीएम दफ्तर खमाणों में कार्यरत है। जिसकी रिपोर्ट आने के बाद एसडीएम दफ्तर को सैनिटाइज करवा दिया गया है। सिविल सर्जन डॉ. एनके अग्रवाल ने बताया कि सभी व्यक्तियों के 14 जुलाई को सैंपल लिए गए थे। बुधवार को आई रिपोर्ट में यह सभी पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इनमें तीन महिलाएं व पांच पुरुष हैं। जिसमें हमायूंपुर सरहिद की एक महिला समेत चार लोग, अमलोह के वार्ड 13 की एक महिला, अमन कॉलोनी सरहिद की एक महिला, एसडीएम ऑफिस खमाणों का एक पुरुष, एक पुरुष फतेहगढ़ साहिब तथा एक खमाणों का है। जिले में अब तक कुल संक्रमितों का आंकड़ा 186 तक पहुंच गया है। जिनमें से 127 लोग स्वस्थ होकर घरों को लौट चुके हैं। एक्टिव केसों की संख्या 57 है और दो की मौत हो चुकी है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सरकार की ओर से जारी किए दिशा निर्देशों का पालन किया जाए।