कृषि विधेयक से किसानों का हक छीन रही सरकार : डॉ. संदल
मंडी गोबिदगढ़ केंद्र सरकार द्वारा लाया गया कृषि विधेयक लोकसभा में पास हो गया है।
संवाद सहयोगी, मंडी गोबिदगढ़ : केंद्र सरकार द्वारा लाया गया कृषि विधेयक लोकसभा में पास हो गया है। किसान संगठनों द्वारा देशभर में इस विधेयक का विरोध किया गया। उसके बावजूद लोकसभा में यह विधेयक पास हो गया जो लोकतंत्र के लिए काला दिन है। यह बात लोक इंसाफ पार्टी के हलका अमलोह के इंचार्ज डॉ. अमित संदल ने कही। उन्होंने कहा कि इस विधेयक को लाने से पहले केंद्र सरकार ने किसानों के किसी भी संगठन से विचार-विमर्श नहीं किया गया। देश का अन्नदाता जो आज की तारीख में कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है, आत्महत्या कर रहा है, इस विधेयक द्वारा केंद्र सरकार ने किसानों का लोकतांत्रिक हक छीना है। इसके विरोध में पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश जैसे कृषि प्रधान राज्य के लोकसभा के सदस्यों द्वारा भी इसका विरोध करने के बावजूद यह विधेयक पास हो गया। उन्होंने कहा कि लोक इंसाफ पार्टी हमेशा किसानों और मजदूरों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।