भाजपा ने फतेहगढ़ साहिब से दीदार सिंह को दिया टिकट
भाजपा ने देर शाम जारी पहली सूची में हलका फतेहगढ़ साहिब से पूर्व विधायक दीदार सिंह भट्टी को टिकट दिया। हलका फतेहगढ़ साहिब से दीदार सिंह भट्टी लंबे समय से राजनीतिक पार्टियों में रहे हैं।

संवाद सहयोगी, फतेहगढ़ साहिब : भाजपा ने देर शाम जारी पहली सूची में हलका फतेहगढ़ साहिब से पूर्व विधायक दीदार सिंह भट्टी को टिकट दिया। हलका फतेहगढ़ साहिब से दीदार सिंह भट्टी लंबे समय से राजनीतिक पार्टियों में रहे हैं। वह 2007 में हलका सरहिंद से शिरोमणि अकाली दल के विधायक रहे हैं। गत 12 जनवरी 2022 को दीदार सिंह भट्टी जालंधर में टिकट न मिलने से नाराज होकर शिअद को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। उन्होंने पंजाब भाजपा के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत व दिल्ली के सांसद हंस राज हंस तथा भाजपा के जिला फतेहगढ़ साहिब के प्रधान प्रदीप गर्ग व अन्य भाजपा नेताओं की मौजूदगी में पार्टी ज्वाइन की थी।
2002 में हलका सरहिंद से शिरोमणि अकाली दल ने दीदार सिंह भट्टी को टिकट देकर पंजाब विधानसभा चुनाव में उतारा था लेकिन उस दौरान उन्हें हार का सामना करना पड़ा। उसके बाद 2007 में दोबारा शिअद की टिकट से चुनाव लड़ा और जीतकर विधायक बने थे। शिअद ने 2012 में भट्टी की टिकट काटकर प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा को दे दिया था। उस दौरान भट्टंी मनप्रीत सिंह बादल की तरफ से बनाई पीपल्स पार्टी आफ पंजाब में शामिल होकर चुनाव लड़े थे और हार गए थे। 2017 में वे फिर से शिअद में शामिल हुए और हलका फतेहगढ़ साहिब से चुनाव लड़ा लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
Edited By Jagran